कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी विधानसभा सत्र से निलंबित, संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रखा था प्रस्ताव
संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा के प्रस्ताव के बाद कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी को विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के बाकी के सत्र से निलंबित कर दिया हैं।

मध्य प्रदेश में चल रहे विधानसभा के बजट सत्र में आज जमकर हंगामा हुआ। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सत्र की बाकी अवधि के लिए कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी को निलंबित कर दिया। जिसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया और बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बता दे जीतू पटवारी के निलंबन के लिए प्रस्ताव गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा लेकर आए थे। जिसके बाद अध्यक्ष गिरीश गौतम ने उन्हें बाकी के सत्र के लिए निलंबित कर दिया।
पटवारी पर निलंबन की कार्रवाई
जीतू पटवारी को विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने नियम 264 के तहत बजट सत्र की बाकी अवधि के लिए निलंबित किया है। जिसके बाद विधानसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने इस कार्रवाई को सरकार की तानाशाही बताया। वही नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जीतू पटवारी सदन को गुमराह कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जीतू पटवारी लगातार सदन को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने बार-बार सदन की मर्यादा को तोड़ा। मिश्रा ने यह कि जीतू पटवारी पहले भी ऐसा करते रहे, इसलिए मैं उन्हें बाकी के सत्र के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव रखता हूं। संसदीय कार्य मंत्री के इस प्रस्ताव के बाद स्पीकर गिरीश गौतम ने उन्हें निलंबित कर दिया।
Recommended Video
कांग्रेसी सांसद अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव
जीतू पटवारी की निलंबन के बाद से ही पीसीसी चीफ कमलनाथ विधायक दल के साथ बैठक कर रहे हैं। माना जा रहा है कि कमलनाथ विधायकों से चर्चा करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए नेता प्रतिपक्ष को कह सकते हैं। कमलनाथ ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष को अपने निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए,क्योंकि यह एकतरफा कार्रवाई है। यह संसदीय परंपराओं के खिलाफ भी है।
पटवारी और गृहमंत्री के बीच हुई थी तीखी बहस
बतादे विधानसभा सत्र के दौरान जीतू पटवारी में संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी, जबकि बजट के दौरान भी कांग्रेस विधायकों के विरोध को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ था। इस कार्रवाई के बाद अब मध्य प्रदेश विधानसभा के आगे का सत्र भी हंगामेदार होने के आसार हैं। वही निलंबन के बाद जीतू पटवारी ने आमरण अनशन करने की घोषणा की है।
झूठ बोलकर सदन की गरिमा को कलंकित कर रहे जीतू पटवारीः सिसौदिया
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी द्वारा गुरूवार को विधानसभा सत्र के दौरान सदन में झूठे तथ्यों के आधार पर सदन को भ्रमित करने पर उन्हें बजट सत्र से निलंबित किए जाने के निर्णय का स्वागत किया। श्री सिसौदिया ने कहा कि कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी सदन से लेकर सड़क तक हमेशा झूठ बोलते आए है। पूर्व में भी कांग्रेस विधायक ने झूठ बोलकर सदन को गुमराह करने की कोशिश की थी, जिसका मामला विशेषाधिकार समिति में विचाराधीन है। उन पर कर गई यह निलंबन की कार्यवाही लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को और मजबूत करेगी।












Click it and Unblock the Notifications