व्यापमं पर कांग्रेस की मांग- सीएम पद से इस्तीफा दें शिवराज
भोपाल। मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले की जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे जाने के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने संवाददाताओं से गुरुवार को कहा, "सर्वोच्च न्यायालय का फैसला स्वागतयोग्य है, लेकिन मामला सीबीआई तक पहुंचने में काफी देर हुई। सर्वोच्च न्यायालय ने व्यापमं घोटाले से जुड़े आपराधिक मामलों और इससे जुड़े लोगों की हुई मौतों से संबंधित मामलों की जांच सीबीआई से कराने के आदेश दिए हैं। इसमें अब तक व्यापमं की जांच कर रही एजेंसियों को भी शामिल किया जाना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "राज्य के मुख्यमंत्री लगातार जनमत के सम्मान की बात कहते रहे हैं, लिहाजा उन्हें जनादेश का सम्मान करते हुए अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस का पूर्व घोषित 16 जुलाई को राज्य बंद का ऐलान यथावत रहेगा।
राज्य में व्यापमं परीक्षा तथा भर्तियों में हुई गड़बड़ी का खुलासा होने के बाद जुलाई 2013 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में अब तक 2,100 गिरफ्तारियां और 49 लोगों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications