सीएम शिवराज ने दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना, कहा- प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने की कोशिश कर रहे पूर्व सीएम

खरगोन मामले में दिग्विजय सिंह द्वारा किए गए गलत ट्वीट को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने का प्रयास कर रहे हैं।

भोपाल, 12 अप्रैल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गलत ट्वीट को लेकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने की कोशिश कर रहे हैं।

कैबिनेट बैठक के दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में दो जगहों पर अशांति फैलाने की कोशिश की गई। कुछ घटनाएं हुई हैं, जिन्हें सरकार ने गंभीरता से लिया है। सीएम ने कहा कि दंगाई कोई भी हो, हम उसको नहीं छोड़ेंगे। गुंडों और दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी ने सुबह एक ट्वीट किया था। जिसमें धार्मिक स्थल पर युवक भगवा ध्वज फहरा रहा है और नीचे निष्पक्ष कार्रवाई करने को लेकर मेरा नाम लिखा है। वह घटना मध्य प्रदेश में हुई ही नहीं, अपने प्रदेश का वह फोटो ही नहीं है। इससे यह सिद्ध होता है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने की कोशिश कर रहे हैं।

सीएम शिवराज ने कहा कि अपने प्रदेश में मैं किसी भी कीमत पर अशांति नहीं होने दूंगा। कोई भी हो, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहीं का फोटो कहीं पर लगाकर पूरे प्रदेश में भ्रम फैलाना; प्रदेश में दंगे हो जाए इसकी कोशिश करना, यह एक अक्षम्य अपराध है। मध्य प्रदेश एक शांति का टापू है। उसे बनाए रखा जाएगा।

वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रभारी मंत्रियों से अपील करते हुए कहा कि आप सब लोग अपने प्रभारी जिले में निरंतर चर्चा करते रहें। आगे हनुमान जयंती का कार्यक्रम है, वह शांतिपूर्वक संपन्न हो। उसके बाद ईद और अन्य त्यौहार हैं। वह भी निर्विघ्न और शांतिपूर्वक संपन्न हों, यह हमारी ड्यूटी है, लेकिन अपने-अपने प्रभारी जिले में चर्चा करके कानून व्यवस्था बिल्कुल चुस्त-दुरुस्त रखें।

दिग्विजय के ट्वीट को विजयवर्गीय ने बताया 'बचकानी हरकत'

दिग्विजय सिंह के गलत ट्वीट को लेकर बीजेपी के नेता लगातार निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने दिग्विजय सिंह के ट्वीट को बचकानी हरकत करार दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कभी ओसामा को जी कहने वाले, बाटला हाउस एनकाउंटर पर सवाल उठाने वाले, कांग्रेस के नेता चचा जान दिग्विजय सिंह ने दूसरे राज्य का फोटो मध्य प्रदेश का बताकर माहौल खराब करने की कोशिश की है। क्या यह बचकानी हरकत नहीं है।

खरगोन के दंगो में कांग्रेस और उसके नेताओं का हाथ: मंत्री कमल पटेल

शिवराज सरकार के कैबिनेट मंत्री व खरगोन जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने रामनवमी पर खरगोन में हुए पथराव में कांग्रेस और उनके नेताओं का हाथ होने का बड़ा आरोप लगाया है। मंत्री पटेल ने ट्वीट करते हुए कहा कि जब खरगोन में पत्थरबाजी, आगजनी और लूट हो रही थी। तब कांग्रेसी मौन थे।

दूसरी तरफ जब सरकार ने दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू किया तो चंद घंटों में कांग्रेस व उनके नेता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनकी मंडली को तकलीफ हो गई। दिग्विजय सिंह और उनकी कांग्रेसी मंडली दूसरे राज्यों के फोटो डाल कर शांति के टापू मध्य प्रदेश का माहौल खराब करने जुटे हुए हैं। कृषि मंत्री कमल पटेल ने ट्वीट करते हुए कहा कि कांग्रेस का हाथ उपद्रवियों और दंगाइयों के साथ है।

ट्विटर को पत्र लिखकर विश्वास सारंग ने की दिग्विजय का ट्विटर हैंडल सस्पेंड करने की मांग

खरगोन मामले को लेकर दिग्विजय सिंह द्वारा गलत ट्वीट करने को लेकर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने ट्विटर को पत्र लिखकर दिग्विजय सिंह का ट्विटर हैंडल सस्पेंड करने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने मंगलवार को ट्विटर के सीईओ पराग अग्रवाल को पत्र लिखा है।

गौरतलब है कि रामनवमी के दिन शोभायात्रा के दौरान हुई पत्थरबाजी की घटना का मामला प्रदेश की राजनीति के केंद्र में है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर एक पोस्ट की थी, जिसमें एक युवक भगवा ध्वज धार्मिक स्थल पर लगाने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने पोस्ट पर लिखा था कि "क्या तलवार लाठी लेकर धार्मिक स्थल पर झंडा लगाना उचित है? क्या खरगोन प्रशासन ने हथियारों को लेकर जुलूस निकालने की इजाजत दी थी? क्या जिन्होंने पत्थर फेंके, जिस धर्म के हों सभी के घर पर बुलडोजर चलेगा? शिवराज जी मत भूलिए आपने निष्पक्ष होकर सरकार चलाने की शपथ ली है।"

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+