Gwalior: CM शिवराज ने की नई तहसील बनाने की घोषणा, कहा- कमलनाथ के झूठ बाेलने के कारण कई किसान हो गए डिफॉल्टर
ग्वालियर में सीएम शिवराज ने कहा कि ग्वालियर के कुलैथ में सीएम राइज स्कूल खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जब मुख्यमंत्री थे, कहते थे कि मैं क्या करूं, मेरे पास पैसा ही नहीं है।

ग्वालियर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह की मांग पर ग्वालियर में नई तहसील बनाने की घोषणा कर दी है। यह तहसील पुरानी छावनी होगी। बता दे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विकास यात्रा के अंतर्गत ग्वालियर के तिघरा में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मंत्री तुलसीराम सिलावट, विवेक शेजवलकर और भरत सिंह कुशवाह उपस्थित रहे। सीएम ने कहा कि ग्वालियर के कुलैथ में सीएम राइज स्कूल खोला जाएगा। विकास की गंगा बह रही है। कमलनाथ जी जब मुख्यमंत्री थे, कहते थे कि मैं क्या करूं, मेरे पास पैसा ही नहीं है। मैं आपसे कहता हूं कि हमारे पास विकास और जनकल्याण के कामों के लिए पैसे की कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मेरी बहनों, अब आपको हैण्ड पम्प से नहीं, हर घर को नल से जल मिलेगा। इसके लिए लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से पाइप लाइन बिछाकर जल पहुंचाया जाएगा। तिघरा में सीपेज के कारण अपव्यय हो रहे जल को रोकने के लिए 17 करोड़ की लागत से सीपेज का काम करवाया जाएगा। 5 मार्च से लाड़ली बहना योजना के फॉर्म भरना प्रारंभ होंगे।
सीएम ने कहा कि गांव-गांव शिविर लगाकर फॉर्म भरवाएंगे। जून महीने से निम्न और मध्यवर्गीय परिवार की बहनों के खाते में पैसे आना शुरू हो जाएंगे। प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पैसे खाते में पहुंचा करेंगे। हम किसानों के कल्याण के लिए, नौजवान तथा महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं बना रहे हैं। कमलनाथ जी के कर्जमाफी वाले झूठ के कारण कई किसान डिफॉल्टर हो गए। हमने तय किया है कि कर्जमाफी के कारण डिफॉल्टर हुए किसानों का ब्याज हम भरवाएंगे।
ग्वालियर में जेसी मिल कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बीजेपी की सोच में विकास और जनकल्याण है। यहां तीन-तीन विश्वविद्यालय हैं। एयरपोर्ट तथा रेलवे स्टेशन का विकास, 1000 बिस्तर का अस्पताल सहित अनेकों कार्य हो रहे हैं। ग्वालियर का गौरव हर दृष्टि से बढ़ता रहे, इसमें हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। ये हमारी प्रतिबद्धता है, हमारा संकल्प है। जनता की सेवा और प्रदेश का विकास ही मेरे जीवन का ध्येय है। प्रधानमंत्री मोदी विजनरी लीडर हैं। जिन्होंने भारत का नाम रोशन करते हुए देश को पूरे विश्वभर में सबसे आगे खड़ा कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications