2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को कोई रोकने वाला नहीं, कार्यालय अंगद के पांव जमाने जैसा: CM मोहन यादव
Bhopal Lok Sabha 2024: सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने भगवान रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा का आमंत्रण ठुकरा तो दिया, लेकिन अब न तो उगलते बन रहा और न निगलते। कांगेस के अच्छे कर्म नहीं हैं, पहले भी कांग्रेस भगवान राम के अस्तित्व को सर्वोच्च न्यायालय में नकार चुकी है। भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा के समय मलेशिया में दो घंटे का अवकाश दिया गया।
प्राण-प्रतिष्ठा में मुस्लिम धर्मावलंबी शामिल होकर एकजुटता का परिचय दिया है। सभी कार्यकर्ता भोपाल लोकसभा में पिछली बार से अधिक मतों से जीत का रिर्काड बनाने कार्य पर जुट जाएं।

यह समय सनातन पर गर्व करने का समय है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को कोई रोकने वाला नहीं है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीटी नगर के पास गैमन इंडिया बिल्डिंग में भोपाल लोकसभा के चुनाव कार्यालय का दीप प्रज्जवलित कर उद्घाटन कर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
यह चुनाव अच्छाई बांटने और सनातन पर गर्व के नाम पर है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2014 में कांग्रेस सरकार की नकारात्मकता और गुजरात मॉडल पर देश के विकास के नाम पर वोट मांगे थे। भारत की जनता ने लोकतंत्र के प्रति परिवक्वता दिखाते हुए 2014 में भाजपा की स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई थी। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में हमने सुशासन व विकास के नाम पर वोट मांगे। श्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री के अपने पहले कार्यकाल में सुशासन स्थापित करके दिखा दिया। इसके साथ ही सम्राट विक्रमादित्य की तरह दुश्मनों के घर जाकर उन्हें सबक सिखा सकते हैं यह बताया। अब इस बार सनातन पर गर्व है, अतीत पर गर्व है, ज्ञान-विज्ञान, अपनी क्षमताओं और दुनिया भर में अच्छाई बांटने के नाम पर जनता के बीच जा रहे हैं।

29 लोकसभा सीटें जीतकर इतिहाए बनाएंगे- विष्णुदत्त शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं के परिश्रम से हमने प्रदेश में इतिहास बनाया था। पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत से एक ऐसे व्यक्ति को धूल चटाने का काम किया जिसने हिंदुत्व को बदनाम करने और उनके मान-सम्मान पर प्रहार किया था। यह चुनाव 2047 के विकसित भारत के संकल्प के लिए चुनाव है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हर गरीब के जीवन को बदलने और यात्रा को आगे बढाने का चुनाव है। 500 वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला आए है आने वाले समय में राम राज्य की स्थापना का चुनाव है।

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान में कमल का फूल हमारा प्रत्याशी है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि मध्यप्रदेश में संगठन की ताकत के बल पर प्रचंड बहुमत से सरकार बनायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर 9, 10 एवं 11 फरवरी को गांव चलो अभियान के साथ शहरी क्षेत्र में 15 प्रकार के कामों को करते हुए हर बूथ मोदी बूथ बनाएंगे। विधानसभा चुनाव में 17 प्रतिशत वोट शेयर भोपाल में बढा है। पार्टी को लोकसभा चुनाव में 58 प्रतिशत वोट प्राप्त हुआ था।
भोपाल में पिछले लोकसभ चुनाव में पार्टी को 65 प्रतिशत मत प्राप्त हुआ था। परंतु इस बार मत प्रतिशत को और अधिक बढ़ाकर इतिहास बनाना है। विधानसभा चुनाव में भोपाल की उत्तर और मध्य विधानसभा हम हारे थे, वह कसक आज भी है। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि भोपाल लोकसभा में 8 विधानसभा और मध्यप्रदेश में 29 लोकसभा सीटें जीतकर इतिहास बनायेंगे।












Click it and Unblock the Notifications