स्टॉक मार्केट में लालच देकर फर्जी ऐप से ठगी करने का बड़ा खुलासा
स्टॉक मार्केट में फर्जी ऐप से डेली ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों को साइबर क्राइम की टीम ने अहमदाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपियों ने 61 लोगों से लगभग 65 लाख रुपए की धोखाधड़ी की।
भोपाल,5 मई। अक्सर लोग जल्द अमीर बनने के चक्कर में ट्रेडिंग और कई प्रकार के दो नंबरी काम को भी पकड़ लेते हैं। कुछ लुटेरे इसी लालच का फायदा उठाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। भोपाल क्राइम ब्रांच की टीम ने अहमदाबाद से ऐसे ठगों को गिरफ्तार किया है जो लोगों को स्टॉक मार्केट में मुनाफा दिलाने के नाम पर अपना शिकार बनाते थे।

वारदात करने का तरीका
आरोपी जस्ट डायल व व्हाट्सएप और सोशल ग्रुप पर स्टॉक एक्सचेंज में ट्रेडिंग का ऐड देकर लोगों से कांटेक्ट करते थे। इसके बाद स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग में मुनाफा देने का लालच देकर एक फर्जी ऐप की लिंक भेजकर ऐप डाउनलोड करवाते हैं। फरियादी को फर्जी ऐप का यूजर आईडी पासवर्ड भी भेजते हैं ऐप में कमोडिटी की जानकारी व खरीदने और बेचने की जानकारी होती है। जिससे फरियादी उन पर विश्वास करने लगता है।
उस फर्जी ऐप में आरोपी ट्रेडिंग का बोल कर फरियादियों से अपने अकाउंट में पैसा डलवा लेते हैं।और उस फर्जी ऐप में अमाउंट भी दिखाई देने लगता हैं।
फरियादी उस फर्जी ऐप में ट्रेडिंग करने लगते हैं और फर्जी ऐप अच्छा मुनाफा दिखाने लगता है। जिससे फरियादी और इन्वेस्ट करने लगता है। लेकिन जब फरियादी अपना पैसा वापस लौटाने का बोलता है तो आरोपी फरियादी के ट्रेनिंग अकाउंट को बंद कर देते हैं और फरियादी से संपर्क भी बंद कर देते हैं। पुलिस के मुताबिक अब तक खातों की जांच से लगभग 61 लोगों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

कैसे हुआ मामले का खुलासा
भोपाल की क्राइम ब्रांच में लालघाटी निवासी दर्शन गर्ग ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके पास अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन आया था जिसने उसे दिल्ली ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का लालच दिया था जिसके बाद आरोपी ने उस से फर्जी ऐप में अकाउंट बनवाया और पैसे भी डलवाए। शुरुआत में ट्रेडिंग में फायदा भी दिखाया। लेकिन जब वॉलेट से पैसा अकाउंट में ट्रांसफर करने के लिए कहा तो आरोपियों ने अकाउंट और संपर्क दोनों को बंद कर दिया। दर्शन गर्ग ने बताया कि उसके साथ ₹63 हजार की धोखाधड़ी की गई हैं। इसके बाद पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी।

अहमदाबाद से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच करते हुए 2 आरोपियों को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया हैं। आरोपियों में कार्तिक दर्जी अहमदाबाद के महादेव नगर का रहने वाला है जोकि कॉल सेंटर संचालक है। वही दूसरा आरोपी भी महादेव नगर में कॉल सेंटर में सहायक संचालक हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने 6 मोबाइल और तीन एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।

पुलिस ने जारी की एडवायजरी
निम्न बातों का हमेशा ध्यान रखेः-
1. स्टॉक मार्केट ऐप पर रजिस्ट्रेशन करने से पहले उन ऐप के बारे मे अच्छे से जानकारी प्राप्त करें।
2. ट्रेडिंग कराने वाली कम्पनी की सत्यता की जानकारी प्राप्त कर ले।
3. अज्ञात मोबाईल न. से स्टॉक मार्केट पर मुनाफा दिलाने के नाम पर आने वाले फर्जी कॉलो से सावधान रहे।
4. किसी भी अंजान खातों में पैसे ऑनलाईन पैसे ट्रांसफर ना करे।
नोटः- सायबर काईम संबंधित घटना घटित होने की सूचना भोपाल सायबर क्राइम के हेल्पलाइन नम्बर 9479990636 अथवा राष्ट्रीय हेल्पलाईन नंबर 155260 पर दें।
यह भी पढ़ें : बब्बा के ढाबे पर फौजियों के लिए फ्री भोजन,बाप-बेटे ने पेश की देशसेवा की अनूठी मिसाल












Click it and Unblock the Notifications