बंटाढार और करप्शननाथ बताएं, MP को कितना पैसा देती थी कांग्रेस की सरकारः गृहमंत्री अमित शाह
Indore Amit shah News: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को इंदौर में आयोजित बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी और शिवराज के नेतृत्व वाली भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के गांव-गांव, नगर-नगर और हर गली-मोहल्ले तक विकास को पहुंचाया है। मिस्टर बंटाढार और करप्शननाथ प्रदेश की जनता को यह बताएं कि 2004 से 2014 तक जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तो मध्यप्रदेश को कितना पैसा देते थे? कांग्रेस की सरकार महज 2 लाख करोड़ रुपये देती थी। पीएम मोदी की सरकार 9 सालों से प्रदेश को 7.5 लाख करोड़ रुपये दे रही है।
उन्होंने कहा कि रेलवे और राजमार्गों के विकास के लिए 1 लाख करोड़ रुपये अलग से दिए हैं। ग्वालियर एयरपोर्ट के विस्तार, रीवा में नए एयरपोर्ट, जबलपुर में नए टर्मिनल, 4000 तालाब और कुल मिलाकर एक हजार मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट के लिए पैसे दिए हैं। भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार मध्यप्रदेश को देश का नंबर-1 राज्य बनाएगी।

देवी अहिल्याबाई के काम को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री मोदी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इंदौर की धरती पर मैं सबसे पहले देवी अहिल्याबाई को प्रणाम करता हूं, जिन्होंने गुलामी के अवशेषों को मिटाने और भारतीय संस्कृति तथा धर्म की पुर्नस्थापना के लिए अभियान चलाया। उन्होंने तीर्थों का जीर्णोद्धार किया, इसीलिए हर तीर्थ के साथ उनका नाम जुड़ा है। उनके इस काम को पीएम नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के लिए सालों से संघर्ष चल रहा था। बीते 550 सालों में न जाने कितने लोग इस संघर्ष में शहीद हो गए। रामलला टेंट में विराजे थे और कांग्रेस इस मामले को सालों से लटका, अटका और भटका रही थी।
प्रधानमंत्री मोदी की सरकार बनने के बाद इस मामले को न्यायलयीन प्रक्रिया के माध्यम से सुलझाया गया और अदालत का जब आदेश आया, तो मोदी जी ने राम जन्मभूमि पर बनने वाले भव्य मंदिर का भूमिपूजन किया। उज्जैन का महाकाल महालोक हो, काशी का विश्वनाथ कॉरीडोर हो, चाहे सोमनाथ का मंदिर फिर से बनाना हो, मोदी ने हमारे तीर्थों का उद्धार किया है।
भाजपा गरीबों के दिलों की धड़कन, मोदी बने मसीहा
अमित शाह ने कहा कि देश में 70 सालों तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन गरीबों के लिए कोई काम नहीं किया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद गरीबों के लिए जो काम हुए हैं, उनके कारण ही आज भाजपा गरीबों के दिलों की धड़कन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के मसीहा बन गए हैं। मध्यप्रदेश में जब कमलनाथ की सरकार थी, तो उस सरकार ने किसान सम्मान निधि योजना के लिए पात्र किसानों के नाम नहीं भेजे। फिर शिवराज जी की सरकार बनी और 10 दिनों में पात्र किसानों की सूची पहुंचा दी गई।
शाह ने कहा कि आज प्रदेश के 91.90 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। 60.22 लाख घरों में नल कनेक्शन दिए हैं, 3.6 करोड़ गरीबों को 5 लाख तक का इलाज मुफ्त मिल रहा है। 80 लाख घरों में शौचालय बनाए गए हैं। 1.2 करोड़ परिवारों के लिए प्रति व्यक्ति प्रतिमाह 5 किलो अनाज मोदी जी की सरकार दे रही है और शिवराज जी की सरकार उसे घर तक पहुंचा रही है। 11 लाख बहनों को उज्जवला योजना के गैस कनेक्शन मिले हैं और 53 लाख प्रधानमंत्री आवास के लिए सवा दो लाख करोड़ रुपये हितग्राहियों के खातों में पहुंचाए गए हैं।
कमलनाथ सरकार ने दिला दी थी बंटाढार युग की याद
शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ की सरकार 15 महीने चली और इस दौरान कमलनाथ ने उन 51 योजनाओं को बंद कर दिया था, जो गरीबों के लिए बनी थीं। उन योजनाओं का पैसा दूसरे प्रोजेक्ट में लगा दिया, ताकि ठेकेदारों से कमीशन खाया जा सके। कमलनाथ सरकार प्रदेश में कोई इंडस्ट्री नहीं लाई, लेकिन तबादला उद्योग शुरू कर दिया। उस सरकार ने क्लास वन अफसरों के 18000 तबादले किए और बंटाढार युग की याद दिला दी। श्री शाह ने कहा कि 2003 में भाजपा की सरकार बनी और पहले शिवराज जी तथा बाद में शिवराज जी और मोदी जी की जोड़ी ने एक बीमारू राज्य को विकसित राज्य बना दिया। हर गांव और हर घर में बिजली पहुंचाई तथा सिंचाई का रकबा बढ़ाया। सरकार गेहूं, चावल और मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी कर रही है।
अमित शाह ने सवाल करते हुए कहा कि बंटाढार और करप्शननाथ जी बताइए आप मध्यप्रदेश में कितना बजट छोड़कर गए थे? आप मध्यप्रदेश में 23 हजार करोड़ का बजट छोड़कर गए थे और 2023 में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने इसे 3.14 लाख करोड़ तक पहुंचा दिया है। सर्वशिक्षा अभियान का बजट 8 गुना बढ़ा है, एससी, एसटी और ओबीसी का बजट 60 गुना बढ़ा है। औद्योगिक विकास दर जो उस समय माइनस में रहती थी, अब 24 प्रतिशत है। कृषि विकास दर 18 प्रतिशत पर पहुंच गई है और हाईवे 4 हजार किलोमीटर से बढ़कर 13 हजार किलोमीटर पर पहुंच गए हैं। कांग्रेस के समय में समर्थन मूल्य पर सिर्फ 4 लाख टन गेहूं खरीदा जाता था, शिवराज सरकार ने पिछले साल 70 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा है। उस मय 95 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी जाती थी, शिवराज सरकार ने 46 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी है। कांग्रेस के समय में हर साल प्रदेश में 620 डॉक्टर तैयार होते थे, आज 4000 डॉक्टर हर साल तैयार हो रहे हैं और मेडिकल की पढ़ाई हिन्दी में भी हो रही है।
मोदी जी ने दुनिया में बुलंद किया भारत का झंडा
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार ने 9 सालों में दुनिया में भारत का झंडा बुलंद किया है। मोदी जी जहां जाते हैं, वहां मोदी-मोदी के नारे लगते हैं। ये नारे मोदी जी के लिए नहीं, बल्कि मालवा की धरती, मध्यप्रदेश और भारत के लिए लगते हैं। मोदी ने देश को सुरक्षित बनाया है। सोनिया-मनमोहन की सरकार के समय पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया आते थे और बेकसूर लोगों को गोली मारकर चले जाते थे। वह सरकार उफ तक नहीं करती थी। आप सभी के वोटों से देश में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी। लेकिन पाकिस्तान भूल गया था कि देश में अब सोनिया-मनमोहन की सरकार नहीं है। आतंकियों ने उड़ी और पुलवामा में हमारे जवानों पर हमला किया, मोदी सरकार ने 15 दिनों के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करके आतंकियों की उनके घर में घुसकर धज्जियां उड़ा दी। कांग्रेस 70 सालों तक धारा 370 को गोदी में रखकर पालती रही। मोदी सरकार ने धारा 370 हटा दी। उस समय कांग्रेस, यूपीए और अन्य दलों ने मिलकर इसका विरोध किया था। क्या ऐसी कांग्रेस को कोई वोट दे सकता है?












Click it and Unblock the Notifications