चंबल में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी
चंबल के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी है, दतिया में गृहमंश्री नरोत्तम मिश्रा ने वोट डाला है
भिंड, 6 जुलाई। चंबल में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के लिए मतदान जारी है। चंबल में हिंसा को रोकने के लिए भारी सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है। चंबल के भिंड, मुरैना, श्योपुर और दतिया जिले में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है।

भिंड में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के लिए पांच निकाय के लिए मतदान हो रहा है। भिंड के लहार नगरपालिका के साथ मिहोना, दबोह, आलमपुर और रौन में नगर परिषद के लिए मतदान हो रहा है। यहां पांच निकाय के चुनाव के लिए 124 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 45 मतदान केंद्र संवेदनशील और 30 मतदान केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। 124 मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था में 700 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

रौन में नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 4 से खड़े हुए पार्षद पद के प्रत्याशियों को रौन थाने में नजरबंद कर लिया गया है। हिंसा होने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। सभी प्रत्याशी रौन थाने में बैठे हुए हैं।
एसपी और कलेक्टर लगातार कर रहे हैं मतदान केंद्रों का भ्रमण
भिंड कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस और भिंड एसपी शैलेंद्र सिंह लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर रहे हैं। किसी भी मतदान केंद्र पर जरा भी हंगामे की सूचना मिलने पर तुरंत एसपी और कलेक्टर मौके पर पहुंच जाते हैं। एसपी कलेक्टर का यह प्रयास है कि प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो जाए।
दतिया में गृहमंत्री ने किया मतदान
दतिया में मध्य प्रदेश शासन के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने मतदान किया है। मतदान करने के बाद डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने बीजेपी की जीत का दावा भी किया है। गृह मंत्री ने मतदान क्रमांक 73 पर पहुंचकर अपना मतदान किया है। साथ ही गृहमंत्री ने कहा है कि राष्ट्रवाद को वोट देने का मतलब बीजेपी को वोट देना है, विकास को वोट देने का मतलब बीजेपी को वोट देना है।
मुरैना में भी शांतिपूर्वक हो रहा मतदान
मुरैना के अंबाह और पोरसा में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के लिए मतदान हो रहा है। यहां अंबाह और पोरसा की नगरपालिका के लिए मतदान हो रहा है। अंबाह के 18 वार्ड में कुल 50 मतदान केंद्र है जबकि पोरसा में 39 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों की सुरक्षा में 500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। मुरैना के एसपी और कलेक्टर स्वयं सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण करके स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।
चंबल के चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती
चंबल में हो रहे चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। चंबल में होने वाले चुनाव में बड़े पैमाने में हिंसा देखने को मिलती है। बूथ कैपचरिंग, अधिकारियों पर हमले, मतदाताओं की गोली मारकर हत्या कर देना यहां आम घटनाओं में शामिल है। ऐसे में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कार्य किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications