भिंड में ओबीसी महासभा की रैली के दौरान पुलिस पर पथराव, आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल
भिंड में ओबीसी महासभा की रैली के दौरान पुलिसकर्मियों पर हुआ पथराव, आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल
भिंड, 25 अगस्त। भिंड में ओबीसी महासभा की रैली के दौरान पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया गया। इस पथराव में आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इतना ही नहीं भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर लाठियों से हमला भी बोल दिया। यह पूरा हंगामा तब हुआ जब पुलिस ने ओबीसी महासभा द्वारा निकाली जा रही रैली का रूट डायवर्ट करने की कोशिश की।
Recommended Video

ओबीसी महासभा द्वारा निकाली जा रही थी भिंड शहर में रैली
ओबीसी महासभा द्वारा भिंड शहर में रैली निकाली जा रही थी। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत ओबीसी महासभा के पदाधिकारी प्रीतम सिंह लोधी भिंड पहुंचे थे और उनके ही नेतृत्व में एक विशाल रैली भिंड में निकाली जा रही थी। यह रैली शहर में प्रवेश करके कलेक्टर कार्यालय पहुंचने वाली थी और कलेक्टर को 14 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन देने वाली थी।

सुभाष तिराहे पर हो गया उपद्रव
प्रीतम सिंह लोधी के नेतृत्व में जब ओबीसी महासभा की रैली सुभाष तिराहे पर पहुंची तो पुलिस ने इस रैली का रूट डायवर्ट करने की कोशिश की। रूट डायवर्ट करने को लेकर यहां विवाद हो गया। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए भीड़ को काबू करने की कोशिश की लेकिन भीड़ बेकाबू हो गई और थोड़ी देर में भिंड की सड़क जंग के मैदान में तब्दील हो गई।

भीड़ ने पुलिस पर कर दिया पथराव
पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए रैली को डाइवर्ट करने की कोशिश की। रैली में 3000 से ज्यादा लोग शामिल थे। रैली में जो लोग आगे चल रहे थे उन्हें पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दूसरे रास्ते पर भेजना चाहा, लेकिन रैली में मौजूद लोग उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस की सख्ती का जवाब पत्थर से दिया। रैली में शामिल लोगों ने पुलिस पर जमकर पथराव करना शुरू कर दिया।

लाठियों से भी किया पुलिसकर्मियों पर हमला
भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने लाठियों से भी पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस पूरे उपद्रव में आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिसकर्मियों ने जैसे तैसे भाग कर अपनी जान बचाई। इस दौरान पुलिस की एक गाड़ी पर एक छोटा सा धमाका भी हुआ। जिसके बाद पुलिसकर्मी भी सहम गए और इसके बाद रैली शहर में प्रवेश कर गई।

घायल पुलिसकर्मियों को कराया अस्पताल में भर्ती
सुभाष चौराहे पर हुए इस उपद्रव में घायल हुए पुलिस कर्मियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस मामले में एडिशनल एसपी कमलेश खुरपुसे का कहना है कि जो भी उचित कार्रवाई होगी वह इस मामले में की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications