चंबल में रात के अंधेरे में घूम रहे एसपी-कलेक्टर, ये है वजह....
चंबल में निकाय चुनाव की तैयारियां देखने रात के वक्त भी मतदान केन्द्रों पर अधिकारी कर रहे है भृमण
भिंड, 12 जुलाई। चंबल में होने जा रहे नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। रात के वक्त भी मतदान केंद्रों पर कलेक्टर और एसपी लगातार भ्रमण कर रहे हैं और तैयारियों का पूरा जायजा ले रहे हैं। दूसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए चंबल अंचल के भिंड और मुरैना जिले में पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है।

भिंड और मुरैना में होना है दूसरे चरण का मतदान
भिंड और मुरैना में बुधवार को दूसरे चरण का मतदान होना है। भिंड में दो नगरपालिका और 6 नगर परिषद में मतदान होना है जबकि मुरैना में एक नगर निगम और एक नगरपालिका के साथ चार नगर परिषद में भी द्वितीय चरण का मतदान होना है। इसके लिए भिंड और मुरैना के जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

रात के वक्त भी अधिकारी कर रहे हैं मतदान केंद्रों का भ्रमण
भिंड और मुरैना में होने वाले चुनाव काफी हिंसा भरे होते हैं लेकिन इस बार पुलिस प्रशासन ने इस तरीके की तैयारियां की हैं जिससे चुनाव में हिंसा कम देखने को मिल रही है। बुधवार को होने जा रहे चुनाव में भी किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने समेत हिंसा पर लगाम लगाने और व्यवस्थित ढंग से मतदान कराए जाने के उद्देश्य मंगलवार की रात में भी पुलिस प्रशासन के अधिकारी मतदान केंद्रों का भ्रमण करते हुए नजर आए।
यहां होना है दूसरे चरण का मतदान
भिंड में नगरीय निकाय का दूसरे चरण का मतदान भिंड, गोहद, मेंहगांव, गोरमी, फूप, अकोड़ा, मौ एवं मालनपुर में होना है जबकि मुरैना में मुरैना, बामोर, जौरा, झुंडपुरा, सबलगढ़ और कैलारस में मतदान होना है।
भिंड में 353 और मुरैना में 546 बनाए गए मतदान केंद्र
नगरी निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए भिंड में 353 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां आठ नगरीय निकाय में 281800 मतदाताओं की संख्या हैं, जबकि मुरैना में 546 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और यहां 367629 मतदाताओं की संख्या हैं। दोनों ही जिलों में संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या भी बहुत ज्यादा है।
सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम
भिंड और मुरैना में होने जा रहे द्वितीय चरण के मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भिंड और मुरैना में होने जा रहे नगरी निकाय चुनाव में अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया है। इसके साथ ही बुलडोजर का भी इंतजाम किया गया है जिससे उपद्रवी हिंसा करने की सोच भी ना सके। इसके अलावा हाईटेक ड्रोन का इस्तेमाल भी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर उपद्रवियों पर निगाह रखने के लिए किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications