भिंड में 'हर घर तिरंगा अभियान' के नाम पर गोहद जनपद पंचायत सीईओ ने चलाया अवैध वसूली अभियान
भिंड में हर घर तिरंगा अभियान के नाम पर जनपद पंचायत गोदह के सीईओ का अवैध वसूली अभियान
भिंड, 31 जुलाई। भिंड में हर घर तिरंगा अभियान के नाम पर जनपद पंचायत गोहद के सीईओ ने रुपए की अवैध वसूली का अभियान छेड़ रखा है। इसकी जानकारी उस वक्त लगी जब गोहद जनपद पंचायत के सीईओ ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक सचिव को ₹5000 जनपद कार्यालय में नगद जमा करने का हुक्म सोशल मीडिया पर जारी कर दिया। मामले ने तूल पकड़ा तो जनपद पंचायत सीईओ ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया, हालांकि अब इस मामले में जिला पंचायत सीईओ ने कार्रवाई करने की बात कही है।

जिले में चलाया जा रहा है हर घर तिरंगा अभियान
आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर जिले में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी चल रही है लेकिन इस अभियान की आड़ में गोहद जनपद पंचायत के सीईओ ने अवैध वसूली का रास्ता निकाल लिया। उन्होंने गोहद विधानसभा के सचिवों के बनाए गए सोशल मीडिया ग्रुप पर ऐसी पोस्ट कर दी जिससे हड़कंप मच गया।
₹5000 नगद जमा करने की लिख दी सीईओ ने बात
गोहद जनपद पंचायत के सीईओ दिनेश शाक्य ने सचिवों के लिए बनाए गए सोशल मीडिया के ग्रुप में एक पोस्ट अपलोड करते हुए लिख दिया कि सभी सचिव हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत प्रत्येक पंचायत में तिरंगा क्रय करने हेतु ₹5000 जनपद में नगद जमा कराकर रसीद प्राप्त करें जिससे जिला कार्यालय से तिरंगा क्रय किया जा सके।
यह मैसेज सोशल मीडिया पर आते ही मच गया हड़कंप
सचिवों ने जब सोशल मीडिया ग्रुप पर इस मैसेज को देखा तो उनमें से कुछ सचिवों ने इस मैसेज को अन्य ग्रुप में वायरल कर दिया। जिसके बाद इस मैसेज को लेकर हड़कंप मच गया। जनपद पंचायत सीईओ दिनेश शाक्य की मंशा पर सवाल उठने लगे कि आखिर वे प्रत्येक सचिव पर दबाव बनाकर पांच ₹5000 नगद क्यों जमा करवाना चाहते हैं।
जनपद पंचायत सीईओ ने कर लिया मोबाइल बंद
नगद जमा राशि करने को लेकर हर तरफ सवाल उठने लगे। जनपद पंचायत सीईओ दिनेश शाक्य से जब इस बारे में बातचीत करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने ना अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।
जिला पंचायत सीईओ ने कही कार्रवाई की बात
यह मामला जब जिला पंचायत सीईओ के संज्ञान में पहुंचा तो जिला पंचायत सीईओ जे के जैन ने इस पूरे मामले में कार्रवाई की बात कही है। जिला पंचायत सीईओ की तरफ से जनपद पंचायत सीईओ दिनेश शाक्य को नोटिस जारी करके उनसे जवाब तलब किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications