सहकारिता मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में मूंग दाल के लिए परेशान हो रहे बच्चे
सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया के विधानसभा क्षेत्र अटेर में ही शासकीय स्कूल के बच्चों को नहीं मिल रही है पोषण आहार के तहत वितरित की जाने वाली मूंग दाल, आधा दर्जन गांव के बच्चों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर की शिकायत।
भिंड, 1 जून। मध्य प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया के विधानसभा क्षेत्र में ही शासकीय स्कूल के बच्चों को पोषण आहार के तहत मूंग दाल वितरित नहीं की जा रही है। स्कूली बच्चों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर इस बात की शिकायत भी अधिकारियों से की है। दरअसल मध्य प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय स्कूल में पढ़ने वाले प्राथमिक और माध्यमिक कक्षा तक के छात्रों को मूंग दाल देने की योजना शुरू की गई है, लेकिन भिंड के अटेर विधानसभा में शासकीय स्कूल के बच्चों को मूंग दाल वितरित नहीं की जा रही है। मूंग दाल नहीं मिलने की शिकायत लेकर स्कूली बच्चे मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और यहां पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया।

मध्य प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया का विधानसभा क्षेत्र अटेर ही है। पूरे मध्यप्रदेश की सहकारिता का जिम्मा संभालने वाले मंत्री महोदय अपने ही विधानसभा क्षेत्र में योजना का सही क्रियान्वयन नहीं करवा पा रहे हैं। यही वजह है कि उनकी ही विधानसभा अटेर में शासन द्वारा स्कूली बच्चों को दी जाने वाली मूंग वितरण योजना खटाई में पड़ गई है। स्कूली बच्चों ने मूंग वितरण नहीं होने पर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचकर इस बात की शिकायत की है।
कक्षा 5 तक 10 किलो और कक्षा आठवीं तक 15 किलो मूंग दाल देने की योजना
सरकार द्वारा शासकीय स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को प्रोटीन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्हें पोषण आहार के तहत मूंग दाल वितरित करने की योजना शुरू की गई है। कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों को 10 किलो मूंग दाल और कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों 15 किलो मूंग दाल देने की योजना शुरू की गई है, लेकिन भिंड जिले में यह योजना दम तोड़ती नजर आ रही है।
6 से अधिक गांव के बच्चे पहुंचे कलेक्टर कार्यालय
मूंग दाल नहीं मिलने की शिकायत लिखकर लेकर 6 से अधिक गांव के बच्चे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। अटेर विधानसभा के रिदौली, दैपरा, रमटा, सुखवासी का पूरा, मठीपुरा, जाटव का पूरा समेत अन्य गांव के बच्चे कलेक्टर कार्यालय मूंग दाल नहीं मिलने की शिकायत लेकर पहुंचे। बच्चों ने अधिकारियों को बताया कि वह मूंग दाल लेने के लिए जाते हैं लेकिन उन्हें कोई ना कोई बहाना करके वापस लौटा दिया जाता है।
जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने दीया कार्रवाई का भरोसा
जब मूंग दाल न मिलने की शिकायत लेकर बच्चे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे तो यहां जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी मनोज वार्ष्णेय ने बच्चों की बात सुनी। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी का कहना है कि गांव के बच्चे मूंग ना मिलने की शिकायत लेकर आए थे, मामले की तत्काल जांच के लिए एएफओ को मौके पर भेजा गया है।
भिंड जिले में पिछले दिनों भी सामने आया था राशन घोटाला
भिंड जिले में पिछले दिनों भी राशन घोटाला सामने आया था। मेहगांव के एक दर्जन से अधिक सहकारी उचित मूल्य की दुकानों पर जांच के बाद राशन घोटाला पकड़ा गया था। राशन घोटाला सामने आने के बाद मेहगांव एसडीएम द्वारा सभी गड़बड़ी करने वाली सहकारी उचित मूल्य की दुकानों के सेल्समेन को नोटिस भी जारी किए गए थे, हालांकि अभी तक इस मामले में आगे कोई कार्यवाही नहीं हुई है।












Click it and Unblock the Notifications