Bhind news: गोहद नगर पालिका का कारनामा, मृत गायों के शवों को बांध के पानी में फेंका
गोहद नगर पालिका का कारनामा, मृत गायों के शवों को बैसली बांध के पानी में फेंका, वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल, दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त
Bhind से एक हैरान करने वाली तस्वीर निकल कर सामने आई है। भिंड के गोहद में स्थित बैसली बांध में मृत गायों के शवों को फेंकने का काम किया जा रहा है। खास बात यह है कि यह कारनामा किसी और का नहीं बल्कि गोहद नगर पालिका का है। गोहद नगर पालिका के कर्मचारी आवारा गायों की मौत हो जाने पर उनके शवों को गोहद बांध में फेंक रहे हैं। बेहद खास बात यह है कि इसी बांध से गोहद को पीने का पानी सप्लाई किया जाता है।

Recommended Video
ट्रैक्टर में भरकर शवों को फेंक रहे हैं बांध के पानी में
गोहद नगर में मरने वाली गायों के शवों को नगर पालिका के वाहन द्वारा मौके से तो उठाया जा रहा है लेकिन नगर पालिका के कर्मचारी इन गायों के शवों को सीधा गोहद के बैसली बांध के पानी में ले जाकर फेंक रहे हैं। जब नगर पालिका के कर्मचारी गायों के शवों को पानी में फेंक रहे थे तो वहां मौजूद एक शख्स ने इसे अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
वीडियो को किया सोशल मीडिया पर वायरल
जिस शख्स ने इस वीडियो को बनाया उसने इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हंगामा मच गया क्योंकि जिस गोहद के बांध में मृत गायों के शवों को फेंका जा रहा था उसी बांध से पूरे शहर को पीने का पानी सप्लाई किया जाता है।
मामले ने तूल पकड़ा तो 2 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला
जब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो यह बात अधिकारियों के कानों तक भी पहुंची। इसके बाद नगर पालिका के सीएमओ ने तत्काल प्रभाव से ट्रैक्टर चालक और हेल्पर को नौकरी से निकाल दिया। दोनों कर्मचारी नगर पालिका गोहद में दैनिक वेतन भोगी थे।
सीएमओ के कहने पर किया था काम
इस मामले में नौकरी से निकाले गए राम दुलारे जाटव ने बताया कि उसे तो कुछ दिन पहले ही गायों की शव फेंकने का काम दिया गया था, जब वह पहाड़ी पर जाता था तो वहां के लोगों ने पहाड़ी पर शव फेंकने का विरोध कर दिया। इसके बाद राम दुलारे ने सीएमओ से पूछा तो सीएमओ ने मृत गायों के शवों को पानी में बहाने की बात कह दी। इसलिए उसने मृत गायों को शवों को पानी में फेंकना शुरू कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications