मौलाना तौकीर रजा द्वारा प्रेमी युगल के धर्म परिवर्तन के ऐलान पर सख्त हुए बरेली SSP, बोले- होगी कड़ी कार्रवाई
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आईएमसी (इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी थी कि 21 जुलाई को प्रेमी युगलों का सामूहिक धर्म परिवर्तन कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा था कि धर्म परिवर्तन के साथ ही सामूहिक विवाह करवाने के साथ हिंदू लड़के लड़कियों को कलमा और नमाज पढ़वाया जाएगा। आगे उन्होंने दावा किया था कि इस मामले के लिए उनके द्वारा प्रशासन से अनुमति मांगी गई है।

इस मामले की जानकारी होने के बाद हिंदू संगठन के लोगों द्वारा नाराजगी जाहिर की गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू धर्म गुरुओं द्वारा इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी गई। श्री शिरडी साईं सर्व देव मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक द्वारा विरोध प्रकट किया गया।
उन्होंने कहा कि सावन के पवित्र महीने में मौलाना तौकीर रजा द्वारा इस तरह का ऐलान करना बरेली जिले में शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की साजिश है। उन्होंने मांग की कि मौलाना हमेशा अशांति फैलाने वाले बयान जारी करते हैं, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
श्री शिरडी साईं सर्व देव मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने प्रशासन से अपील की है कि मौलाना तौकीर राजा को इस आयोजन की इजाजत न दी जाए और उन्होंने योगी सरकार से मौलाना तौकीर राजा के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की है।
एसएसपी ने कहा बिना अनुमति नहीं होने देंगे आयोजन
इस मामले की जानकारी होने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठन के लोगों द्वारा विरोध प्रकट किया जा रहा है हिंदू संगठन से जुड़े कई लोगों द्वारा इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी गई है।
वहीं मामले में बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ शब्दों में कहा कि इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं है और बिना अनुमति के कोई भी कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बरेली का माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून से सख्ती से निपटा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications