मास्क नहीं लगाने पर पुलिस ने युवक के हाथ-पैर में ठोंकी कील, SSP ने कही ये बात
बरेली, मई 26: कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए यूपी में आंशिक लॉकडाउन है। जरूरी सेवाएं जारी हैं, लेकिन इस दौरान कोविड नियमों का पालन अनिवार्य है। वहीं, बेवजह घूमने वालों और बिना मास्क लगाकर निकलने वाले लों को पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। लेकिन, बरेली में पुलिस की बर्बरता का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि मास्क नहीं लगाने पर तीन पुलिसकर्मी एक युवक को थाने उठाकर ले गए। इसके बाद वह मरणासन में मिला। युवक के हाथ और पैर में कीलें गड़ी हुई थीं। हालांकि, पुलिस ने आरोपों से इनकार किया है। पीड़ित युवक की मां ने मामले की शिकायत एसएसपी से की है।

महिला ने कहा- मास्क नहीं लगाने पर बेटे को उठा ले गई थी पुलिस
मामला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र का है। जोगी नवादा में रहने वाली एक महिला बुधवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची और आरोप लगाया है कि चौकी की पुलिस के तीन सिपाही उसके बेटे को मास्क नहीं लगा होने की वजह से उठा कर ले गए थे। वह चौकी पहुंची तो बताया गया कि उसके बेटे को कहीं भेजा गया है। काफी तलाशने के बाद उसका बेटा मरणासन हालत में मिला। उसके हाथ और पैरों में कील गड़ी हुई थीं। महिला का आरोप है कि जब इसकी जानकारी दोबारा चौकी पुलिस को दी गई तो वह उल्टा पीड़ित को ही जेल भेजने की बात कह रहे हैं।
एसएसपी ने कहा- आरोप गलत हैं
युवक की मां ने एसएसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी रोहित साजवान का कहना है कि युवक का आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। उसने खुद ही पूरा षणयंत्र रच लिया और सिपाहियों पर आरोप लगा दिया। उन्होंने कहा कि आरोप गलत पाए गए हैं। उधर, मऊ के थाना मोहम्मदाबाद में एक युवक से पुलिसकर्मियों की मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक अपने घर के बाहर खड़ा था और उसी समय वहां पहुंचे दो पुलिसकर्मी उसे घसीटते हुए अपने साथ ले गए और उसके साथ मारपीट की। इसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने फिलहाल इसकी जांच करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications