निकाह के महज तीन महीने बाद लड़के ने फोन पर दिया तीन तलाक, उजड़ गई लड़की की दुनिया
Barabanki news, बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नवविवाहिता को फोन पर तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बताया कि उसे शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कर रही है।

तीन महीने पहले हुआ था निकाह
पीड़िता के मुताबिक, तीन महीने पहले ही उसका निकाह हुआ था। पति निकाह के बाद से ही प्रताड़ित करता था, दहेज के लिए परेशान करने लगा। उसकी तबीयत बिगड़ी तो मायके वालों ने अस्पताल में एडमिट करवाया। वापस घर आने के बाद ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा किया तो पति ने फोन करके तलाक दे दिया और मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी।

नहीं देते थे खाना-पीना
लड़की की मां के मुताबिक, ''हम लोगों ने काफी परेशानी से अपनी बेटी की शादी की और हम लोग और दहेज नहीं दे सकते हैं, लेकिन वह लोग कुछ भी मानने को तैयार नहीं हैं। वह लगातार मेरी लड़की के साथ बुरा बर्ताव करते रहे और पूरा परिवार उसे घर में बंद करके चला जाता था। लड़की को खाना पीना भी नहीं दिया जाता था। जिसके बाद हम लोगों ने लड़के के खिलाफ मुकदमा करवाया। लड़के ने मेरी लड़की को फोन पर तलाक दे दिया।''

दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
इस पूरे मामले पर बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक आरएस गौतम ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।












Click it and Unblock the Notifications