उडुपी: हाई कोर्ट में हिजाब बैन को चुनौती देने वाली 3 छात्राओं को प्रैक्टिकल एग्जाम से रोका
उडुपी, 28 फरवरी: कर्नाटक में पनपे हिजाब विवाद को हाई कोर्ट में चुनौती देने वाली 3 छात्राओं को प्रैक्टिकल एग्जाम देने से रोकने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक उडुपी जिले में सरकारी गर्ल्स पीयू कॉलेज की 3 छात्राओं को सोमवार को प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल होने के लिए कथित तौर पर प्रवेश से वंचित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हिजाब विवाद को लेकर कर्नाटक हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने वाली 6 छात्राओं में से तीन 12वीं कक्षा में साइंस स्ट्रीम में पढ़ रही हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक जिन छात्राओं को प्रैक्टिकल एग्जाम में प्रवेश से वंचित किया गया है, उनमें से एक ने कहा, "मैं अपनी प्रैक्टिकल रिकॉर्ड बुक जमा करने और फिजिक्स की प्रैक्टिकल परीक्षा में हिस्सा लेने कॉलेज गई थी, लेकिन लेक्चरर ने मुझसे कहा कि वह मेरी बुक को तभी स्वीकार करेगी, जब मैं अपना हिजाब हटा दूंगी। फिर उन्होंने मुझे प्रिंसिपल के चैंबर में भेज दिया, जहां उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी।"
पीड़ित छात्रा ने आगे बताया कि यह एग्जाम 30 मार्क्स का है और लिखित परीक्षा 70 मार्क्स की होगी। अगर हम प्रैक्टिकल में शामिल नहीं होते हैं, तो इसका मतलब है कि हम लिखित परीक्षा में शामिल होने के अयोग्य होंगे।
आपको बता दें कि कर्नाटक में हिसाब विवाद का जन्म उडुप्पी से ही हुआ था, जहां हिजाब के विरोध में छात्र कॉलेज में भगवा गमछे पहनकर पहुंचने लगे थे, जिसके बाद यह विवाद पूरे राज्य में फैल गया। हाई कोर्ट उडुपी के सरकारी पीयू कॉलेजों के छात्राओं द्वारा कक्षाओं में हिजाब पहनने पर प्रतिबंध को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications