Karnataka High Court के छह जजों को हत्या की धमकी, पाक के खाते में मांगे 50 लाख रुपये
Karnataka High Court के छह जजों को हत्या की धमकी का मामला सामने आया है। केंद्रीय अपराध पुलिस उस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है जिसने कथित तौर पर छह उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों और एक जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) की जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट के अनुसार धमकी देने वाले ने मर्डर की धमकी देते हुए 50 लाख रुपये भी मांगे हैं। आरोपी ने हाईकोर्ट के जनसंपर्क अधिकारी के व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा मैसेज भेजा है।

समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, 12 जुलाई की शाम करीब 7 बजे पीआरओ के मुरलीधर को एक धमकी भरा कॉल आया और उनके आधिकारिक मोबाइल नंबर पर हाईकोर्ट की तरफ से भेजा गया एक मैसेज आया।
जजों की हत्या की धमकी के मामले में कर्नाटक पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने 14 जुलाई को एफआईआर दर्ज की। मामले में पाकिस्तान का लिंक भी सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिरौती की रकम जिस खाते में मांगी गई है, वह पाकिस्तान का है।
कर्नाटक हाईकोर्ट में जजों को धमकी के मामले में इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, पीआरओ की शिकायत के मुताबिक, उन्हें 12 जुलाई की शाम 7 बजे एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल और मैसेज आए।
हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी में संदेश में कथित तौर पर उन्हें और कर्नाटक उच्च न्यायालय के छह न्यायाधीशों- जस्टिस मोहम्मद नवाज, एचटी नरेंद्र प्रसाद, अशोक निजगनन्नवर, एचपी संदेश, के नटराजन और जस्टिस वीरप्पा को जान से मारने की धमकी दी गई।
धमकी भरे संदेशों में मुरलीधर से 50 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी गई और फिरौती की रकम जमा करने के लिए 'एबीएल एलाइड बैंक लिमिटेड' के साथ एक पाकिस्तानी बैंक खाता नंबर भी दिया गया।
मैसेज भेजने वाले ने के मुरलीधर को यह भी धमकी दी कि अगर पैसे ट्रांसफर नहीं किए गए तो कोर्ट के छह जजों को 'दुबई गैंग' द्वारा मार दिया जाएगा। उन्होंने कुछ मोबाइल नंबर भी साझा किए, जिसमें दावा किया गया, "ये इंडियन हमारे अपने शूटर हैं।"
के मुरलीधर की शिकायत के बाद बेंगलुरु के केंद्रीय सीईएन अपराध पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications