UP News: सामूहिक विवाह से गायब रहे दूल्हा, दुल्हनों ने खुद पहनी वरमाला, वीडियो हुआ वायरल तो एडीओ समेत 9 पर केस
UP News: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। बढ़िया जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 25 जनवरी को दूल्हों की गैर मौजूदगी में ही दुल्हनों की शादी कर दी गई।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी होने और जांच पड़ताल करने के बाद समाज कल्याण अधिकारी द्वारा बलिया जनपद के मनियर थाने में एडीओ पंचायत समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

वहीं मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि इसके पहले भी साल 2019-20 और 21-22 के बीच मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के दौरान धांधली की बात सामने आ रही है।
दरअसल, बलिया जनपद के मनियर में बीते 25 जनवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक शादी कराई गई। आरोप है की शादी के दौरान ऐसी महिलाओं को शामिल किया गया था जिनकी शादी 1 से 2 साल पहले संपन्न हो चुकी थी।
शादी संपन्न होने के बावजूद भी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए उनका नाम शामिल करके सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बुलाया गया था। इस दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिलाएं खुद अपने गले में वरमाला डाल रही हैं, और दूल्हे मौजूद नहीं हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर समाज कल्याण अधिकारी ने मनियर के एडीओ पंचायत समेत 8 लाभार्थियों पर केस दर्ज कराया है। वहीं सीडीओ की देखरेख में तीन सदस्य कमेटी गठित की गई है जो गांव में पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है।
सामूहिक विवाह योजना में होता है जमकर खेल
दरअसल मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत नवविवाहित जोड़े को उपहार देने के लिए 10 हजार रुपए तथा आगंतुकों और खाने-पीने आदि पर 6 हजार रुपए खर्च किए जाते हैं। इसके अलावा 35 हजार रुपए कन्या के खाते में भेजे जाते हैं।
अधिकारियों की मिली भगत से जिन महिलाओं की शादी पहले हो चुकी रहती है, उनकी भी शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कर दी जाती है। शादी करने के बाद सरकार की तरफ से मिलने वाले रुपए अधिकारियों से लेकर लाभार्थियों के बीच बांट लिए जाते हैं।
देखें Video-
यह भी बता दें कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जिसमें शादीशुदा महिलाओं की शादी दोबारा कर दी गई और पैसों का बंदरबांट किया गया। फिलहाल बलिया का मामला सुर्खियों में बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications