बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने ताजमहल को बताया शिव मंदिर, कहा- जल्द बनेगा राम महल
बलिया। बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ताजमहल पहले शिव मंदिर था और अब बहुत जल्द राम महल बनेगा। उन्होंने कहा कि शिवाजी के वंशज के रूप में यूपी में योगीजी आ गए हैं। गोरखनाथ जी ने शिवाजी के रूप में योगी जी को पैदा किया है। सुरेंद्र सिंह ने कहा, अगर भगवान ने चाहा तो आपको जल्द खबर मिलेगी कि ताजमहल अब राम महल या शिव महल हो गया है। मुस्लिम हमलावरों ने भारतीय संस्कृति को नष्ट करने के लिए हर संभव तरीके का इस्तेमाल किया, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में शिवाजी के वंशज के रूप में स्वर्णिम समय आ गया है। यह (ताजमहल) बदल जाएगा। ये शिव मंदिर था और ताजमहल फिर से एक राष्ट्रीय धरोहर या राम मंदिर बन जाएगा। सिंह ने शनिवार को मीडियाकर्मियों से कहा कि इसे राम मंदिर में बदल दिया जाएगा और इसका नाम बदल जाएगा, यह योगी जी के कारण बदल जाएगा।

पत्रकारों से मारपीट को लेकर सपा पर बोला हमला
सुरेंद्र सिंह ने मुरादाबाद में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने उनके सिक्योरिटी गार्ड्स द्वारा पत्रकारों को पीटने और उनके कैमरे तोड़ने के मामले में बोलते हुए कहा कि सपाइयों का चरित्र ऐसा ही है जो कभी-कभी दिखने लगता है। उन्होंने कहा कि सपा के लिए यह नई बात नहीं है। यह तो उनका संस्कार है, जो पत्रकारों पर डंडा चला रहे हैं लेकिन योगी जी के शासन में यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिंह ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की और कहा कि वह जमाना गया कि देश विरोधी मानसिकता के लोगों को तरजीह देने वालों को भी नेता बना दिया जाता था। अब भारत और भारतीयता की जय बोलने वाले ही नेता बनेंगे। यह मोदी जी ने प्रमाणित कर दिया है। विधायक ने कहा, 'जैसे समर्थ गुरु रामदास ने धर्म की रक्षा के लिए शिवाजी को तैयार किया। उसी तरह से गोरखपुर पीठाधीश्वर ने उत्तर प्रदेश में शिवाजी की तरह हिंदुत्व की रक्षा के लिए सीएम योगी को तैयार किया है।'
सुरेंद्र सिंह ने कहा- ममता बनर्जी राक्षसी हैं
बंगाल विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बंगाल को बचाना है तो बंगाल के लोगों को ममता को तिलांजलि देनी होगी, क्योंकि ममता बनर्जी राक्षसी हैं। उन्होंने कहा कि चोट के बदले ममता बनर्जी वोट लेना चाहती हैं, लेकिन चोट के बदले चोट ही मिलती है।












Click it and Unblock the Notifications