बहराइच में मिला युवती का निर्वस्त्र शव, पहचान छिपाने के लिए तेजाब से जलाया
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में 22 वर्षीय युवती का लाश मिली। युवती के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था, साथ ही युवती की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को तेजाब से जला दिया गया। अभी तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की जाने की आशंका जताई है। युवती का शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

गले में कपड़ा बंधा हुआ था
वारदात बहराइच के कोतवाली मुर्तिहा के नौबना गांव की है। शनिवार की सुबह ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए घरों से बाहर निकले तो गांव के बगल में ही महिला का निर्वस्त्र शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुर्तिहा कोतवाली पुलिस को दी। महिला का शव देख कर ही घटना की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। शव पूरी तरह निर्वस्त्र था। उसके गले में कपड़ा बंधा हुआ था। इसी कपड़े से उसका गला घोटे जाने की आशंका है।

चेहरे पर डाला था तेजाब
इसके अलावा हत्यारों ने महिला के चेहरे पर तेजाब भी डाला था, जिससे उसका चेहरा झुलस गया है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों का अनुमान है कि हत्या से पहले महिला पर तेजाब इस वजह से डाला गया होगा कि उसकी शिनाख्त न हो सके। शव मिलने की सूचना पाकर पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा अरुण चंद्र, मुर्तिहा कोतवाल अशोक कुमार थाना मोतीपुर के एसएचओ हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर वारदात की जांच शुरू कर दी है।

क्या कहा पुलिस ने
एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि मुर्तिहा कोतवाली के नौबना ग्राम के खैरी जंगल में एक युवती का शव मिला है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज गया है। अभी तक शव की पहचना नहीं हो पाई है। फिलहाल स्थानीय प्रधान से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। जल्दी ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications