बहराइच: तैनाती के लिए एसपी ने शुरू की नयी पहल, पर्ची खोलो थाना पाओ
Bahraich news, बहराइच। यूपी के बहराइच में एसपी ने आरक्षियों की तैनाती के लिए अनूठी पहल की है। पुलिस विभाग में भर्ती आरक्षियों को प्रशिक्षण के बाद थाने में पोस्टिंग के लिए लॉटरी सिस्टम अपनाया गया। जिस आरक्षी के हाथ में जिस थाने के नाम की पर्ची निकली उसकी तैनाती उसी थाने में कर दी गई।

एक-एक को बुलाकर निकलवाई गई पर्ची
अक्टूबर 2018 बैच के 309 पुरूष व 82 महिला आरक्षियों का प्रशिक्षण चल रहा था। 25 जनवरी को सभी का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनकी पहली तैनाती थानों में की जानी थी। सभी आरक्षियों को तैनाती देने के लिए एसपी ने आरक्षियों का गोल बनवाकर थानों के नाम लिखकर पर्ची डलवाई। उसमें एक-एक आरक्षी को बुलाकर पर्ची निकलवाई गई।

पर्ची के हिसाब से दी गई तैनाती
पर्ची उठाने वाले आरक्षी के हाथों में जिस थाने का नाम निकला उसी थाने में आरक्षी की तैनाती कर दी गई। विशेश्वरगंज में 27, कैसरगंज, फखरपुर व जरवलरोड थाने में 25-25, नानपारा में 24, कोतवाली नगर, देहात, दरगाह, रूपईडीहा व खैरीघाट में 20-20, पयागपुर, रिसिया, मुर्तिहा, मोतीपुर, नवाबगंज, सुजौली, हरदी व बौंडी में 15-15, हुजुरपुर, रानीपुर व महिला थाना में 10-10 और रामगांव थाने में नौ आरक्षियों पर्ची के अनुसार तैनाती मिली है।

क्यों निकाली गई लॉटरी
एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि अक्सर तैनाती के दौरान पुलिसकर्मियों के जेहन में यह बात उभरकर आती है कि जुगाड़ से ही मनचाही पोस्टिंग हो सकती है। इस भ्रम को तोड़ने व किसी के मन में कोई भेदभाव न हो, इसके लिए 'पर्ची निकालो थाने की पाेस्टिंग पाओ' की पहल की गई है।












Click it and Unblock the Notifications