खेत में काम कर रही बच्ची पर तेंदुए का हमला, उसे बचाने के लिए आदमखोर से भिड़ गई बहन
बहराइच। यूपी के बहराइच में उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेत में काम कर रही 10 साल की बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। यह घटना बोझिया गोलहना गांव की है जहां मासूम खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान जंगल से निकले तेंदुए ने बालिका पर हमला कर दिया। बच्ची की शोर को सुनकर उसकी बड़ी बहन पहुंची और तेंदुए से भिड़ गई। लगभग दस मिनट के संघर्ष के बाद अपनी बहन को तेंदुए से बचा पाने में बड़ी बहन सफल हुई। कुछ देर बाद शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला। बालिका को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वनकर्मिर्यो ने गांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र से सटे गांवों में बाघ और तेंदुए के हमले बढ़ गए हैं। जंगल से निकलकर बाघ व तेंदुए लोगों को शिकार बना रहे हैं। मुर्तिहा रेंज के बोझिया के गोलहना गांव निवासी 10 वर्षीय आफरीन खेत में घास काट रही थी। साथ में बड़ी बहन भी कुछ दूरी पर घास काट रही थी। इसी दौरान जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने आफरीन के दाहिने पैर को पकड़ लिया और उसे नोचने लगा। बालिका ने शोर मचाया।
कुछ दूरी पर मौजूद बड़ी बहन ने यह सब देखा और शोर मचाते हुए तेंदुए से भिड़ गई। बच्ची की आवाज सुनकर हाथों में मशाल लेकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। इस पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर जंगल में भाग निकला। बच्ची को घायल अवस्था में लोगों ने सीएचसी में भर्ती कराया है जहां उसका इलाज चल रहा है। ग्राम प्रधान शिवसागर ने रेंज कार्यालय पर इस बात की सूचना दी। वन क्षेत्राधिकारी रामशंकर सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमले की जांच कराई गई है। जल्द ही पीड़ित को मुआवजा दिलाया जाएगा। वहीं निरंतर हो रहे तेंदुए के हमले से जंगल क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।












Click it and Unblock the Notifications