बागपत: विवाहिता को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, पति समेत ससुरालवाले फरार
Bagpat news, बागपत। यूपी के बागपत में विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बीती रात घरेलू विवाद के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के दबिश दे रही है।

अक्सर होता था विवाद
मामला बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गूंगा खेड़ी गांव का है। एक साल पहले बिनोली थाना क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव की रहने वाली शिवानी की शादी रमाला थाना क्षेत्र के गूंगा खेड़ी गांव के रहने वाले राहुल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही अक्सर दोनों का किसी बात को लेकर विवाद रहता था। देर रात विवाद इतना बढ़ा की राहुल ने परिजनों के साथ मिलकर शिवानी की निर्मम हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। ग्राम प्रधान संजीव कुमार की मानें तो शिवानी गर्भवती भी थी। पारिवारिक विवाद के चलते ऐसा हुआ है। पहले भी दो तीन बार ऐसा हो चुका था, लेकिन रात में उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर उसको मार दिया।

ससुरालवाले फरार, दबिश दे रही पुलिस
सीओ बड़ौत आरके कुशवाहा ने बताया कि रमाला थाना में गूंगाखेड़ी गांव है, जहां महिला की करीब एक साल पहले शादी हुई थी। ससुराल वालों ने पीटकर उसकी हत्या कर दी है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications