सऊदी से पति ने किया कॉल, कही ऐसी बात पत्नी ने फांसी लगाकर दे दी जान
Azamgarh News: आजमगढ़। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के आजमगढ़ (Azamgarh) जिले में बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने फोन पर पति की डांट के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

पति ने सऊदी से किया था पत्नी को कॉल, लगा दी डांट
मामला दीदारगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव का है। यहां रहने वाला अशोक कुमार यादव की दस साल पूर्व सीमा से शादी हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। अशोक कमाई के लिए सऊदी अरब गया हुआ है। जानकारी के मुताबिक, अशोक ने गुरुवार की रात अपनी पत्नी सीमा (30) को कॉल किया। दोनों आराम से बात कर रहे थे, तभी किसी बात को लेकर अशोक ने सीमा को डांट लगा दी। पति की डांट पत्नी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने रात में बच्चों को खाना, फिर उन्हें सुलाया और बाद में घर से बाहर स्थित एक पेड़ से फांसी लगा ली।
घर के बाहर पेड़ से लटकता मिला शव
मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्चों की नींद खुली और वह मां को ढूंढने लगे। परिजन भी सीमा की तलाश में जुट गए। तभी घर के बाहर परिजनों को पेड़ पर सीमा का शव लटकता हुआ दिखा। सीमा का शव लटकते देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने आनन-फानन में सीमा के शव को फंदे से उतारा और अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications