सलमान खान और सतीश कौशिक के खिलाफ आजमगढ़ कोर्ट में दाखिल हुआ परिवाद, फिल्म का नाम बदलने का है आरोप
आजमगढ़। जीवित मृतकों के जीवन पर बनी फिल्म 'कागज' को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं, अब ये विवाद कोर्ट तक पहुंच गया। दरअसल, फिल्म की रिलीज से पहले जीवित मृतकों की लड़ाई लड़ने वाले लाल बिहारी ने फिल्म के नाम और कुछ सीन पर नाराजगी जताई है। जिसके बाद उन्होंने सलमान खान और सतीश कौशिक के खिलाफ आजमगढ़ न्यायालय में परिवाद दाखिल किया है। कोर्ट में दाखिल किए परिवाद लाल बिहारी ने फिल्म का नाम बिना उनकी अनुमति के बदलने समेत तमाम आरोप लगाए हैं।

दरअसल, निजामाबाद क्षेत्र के खलीलाबाद गांव निवासी लाल बिहारी को चचेरे भाई और पट्टीदारों ने 30 जुलाई 1976 को अभिलेखों में मृत घोषित कराकर सारी सम्पत्ति पर कब्जा कर लिया था। लाल बिहारी ने खुद को जिंदा साबित करने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी। इसके बाद उन्हें 30 जून 1994 को सरकारी अभिलेखों जिंदा किया गया। यह मामला जब चर्चाओं में आया तो फिल्म निर्माता सतीश कौशिक ने उनके जीवन पर फिल्म बनाने का निर्णय लिया। साल 2003 में सतीश कौशिक पटकथा लेखक इम्तियाज हुसैन के साथ आजमगढ़ आए और लाल बिहारी से मिलकर उनके जीवन पर फिल्म बनाने की बात कही।
नाम बदलकर बना दी फिल्म: लाल बिहारी
लाल बिहारी का आरोप है कि फिल्म का नाम 'मैं जिंदा हूं' रखने का वादा किया था, किंतु फिल्म को 'कागज' नाम से रिलीज कर दिया गया। मैं बुनकर व किसान का बेटा हूं जबकि फिल्म में मुझे बैंडबाजा वाला दिखाया गया है। इसके अलावा कुछ और भी आरोप लगाए गए हैं। लाल बिहारी ने बुधवार को विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी कोर्ट ध्रुव राय की अदालत में मुकदमा दर्ज करने के लिए वाद दाखिल किया। जिस पर न्यायाधीश ने सुनवाई के लिए 30 मार्च की डेट निर्धारित की है।












Click it and Unblock the Notifications