अमरोहा : युवक को 60 सेकेंड में 9 थप्पड़ मारने वाला दरोगा सस्पेंड, VIDEO हुआ था वायरल
अमरोहा, 27 सितंबर: यूपी के अमरोहा में जिले के एक दरोगा ने शख्स के साथ अभद्र व्यवहार किया। उसे गालियां दीं और मारपीट की। इस पूरे मामले का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया। वीडियो में पुलिसकर्मी शख्स को गाली देते हुए और थप्पड़ मारते हुए दिख रहा है। अब इस मामले में कार्रवाई की गई है। एसपी ने दरोगा को सस्पेंड कर दिया है। वायरल वीडियो पर अमरोहा पुलिस के ट्विटर अकाउंट से स्पष्ट किया गया है कि मामले में संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में क्षेत्राधिकारी द्वारा जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला ?
मामला अमरोहा के कोतवाली क्षेत्र के अतरासी का है। बताया जाता है कि यूपी पुलिस के दरोगा के साथ अन्य पुलिसकर्मियों की टीम रविवार रात करीब 10 बजे गश्त पर निकली थी। तभी एक युवक अपनी गाड़ी से जा रहा था, जिसमें सायरन लगा था। दरोगा ने उसे रोककर सायरन बजाने की वजह पूछी।
दरोगा ने युवक को जड़े 9 थप्पड़
जब युवक पुलिसकर्मियों के सवाल का जवाब नहीं दे पाया तो एक दरोगा ने उसे गालियां देते हुए थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई पुलिसकर्मी युवक से बातचीत कर रहे हैं। इसी बीच दरोगा आगे आता है और युवक पर थप्पड़ों की बरसात कर देता है। बताया गया कि दरोगा ने एक के बाद एक 9 थप्पड़ जड़े। इस दौरान वहां मौजूद कोई भी पुलिसकर्मी दरोगा को रोकने की कोशिश नहीं करता है।
एसपी ने दरोगा को किया सस्पेंड
बताया जा रहा है कि युवक पर थप्पड़ बरसाने वाला दरोगा नशे में था। बहरहाल, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दरोगा पर एक्शन ले लिया गया है। इस मामले में एसपी ने दरोगा को सस्पेंड कर दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications