अमरोहा: खेत में पेड़ से लटकता मिला रेप पीड़िता का शव, इंस्पेक्टर सहित 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
अमरोहा, 01 नवंबर: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक रेप पीड़िता का शव खेत में पेड़ पर लटकाता हुआ मिला है। 16 वर्षीय लड़की के साथ एक माह पहले गांव के ही एक युवक ने घर में घुसकर रेप किया था। घटना के एक महीने भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। आरोप है कि पुलिस आरोपी युवक को बचाने की कोशिश कर रही थी। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने तहरीर से रेप के मामले को हटा कर छेड़छाड़ में केस दर्ज किया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर उनकी बेटी की हत्या कर दी है। इस मामले में एसपी ने इंस्पेक्टर समेत 3 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है और इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
Recommended Video

25 सितंबर को घर में घुसकर किया था रेप
जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 25 सितंबर को 16 वर्षीय लड़की के साथ गांव के ही दबंग ने घर में घुसकर रेप किया था। वारदात को अंजाम देकर मोनू शर्मा नाम का आरोपी फरार हो गया था। उसने लड़की को धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। मामले की जानकारी मिलते ही लड़की के पिता परिवार के अन्य सदस्यों के साथ थाने पहुंचे। आरोप है कि इंस्पेक्टर और कांस्टेबल ने परिवार के सदस्यों से मनचाही तहरीर पर हस्ताक्षर करवा लिए और रेप के मामले को छेड़छाड़ की मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस ने एक महीने बाद भी आरोपी को नहीं किया गिरफ्तार
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट में पीड़िता की उम्र भी 19 साल लिखी थी, जबकि उसकी उम्र 16 साल थी। एक महीने गुजर जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार नहीं किया। पीड़ित परिवार का कहना है कि कांस्टेबल सुमित का आरोपी के घर काफी आना-जाना था, इस वजह से पुलिस उसे बचा रही थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी मोनू शर्मा ने लड़की की हत्या की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहा था और मारने की धमकी दे रहा था।












Click it and Unblock the Notifications