Amethi accident: निमंत्रण से लौट रहे तीन दोस्तों को क्रेन ने टक्कर मारी, मौत की खबर से गांव में मातम
Amethi accident: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी करके खड़े थे, तभी तेज रफ्तार क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया।
हादसा शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के सेमरौता-कठौरा मार्ग पर तोतानगर गांव के पास हुआ। मृतकों की पहचान कमलेश (18), सूरज (15) और सर्वेश (15) के रूप में हुई है। तीनों युवक एक निमंत्रण से लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के रुकुनपुर गांव निवासी कमलेश पुत्र राम किशोर, सूरज पुत्र राजेंद्र और सर्वेश पुत्र रमेश गुरुवार को त्रिवेदी का पुरवा में एक निमंत्रण समारोह में शामिल होने गए थे।
रात में लौटते समय तीनों ने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और कुछ देर के लिए रुक गए। तभी अचानक पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद क्रेन चालक मौके से फरार
हादसे के बाद क्रेन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ डॉ. अजय सिंह ने बताया कि क्रेन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि आरोपी की पहचान हो सके।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बारे में पुलिस द्वारा जब परिजनों को जानकारी मिली और परिवार के कुछ जिम्मेदार दुर्घटनास्थल पर पहुंचे, उसके बाद चीख-पुकार मच गई। मृतकों के परिजन बदहवास हो गए और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।
वहीं गांव में माहौल गमगीन हो गया। गांव के लोगों ने बताया कि कमलेश, सूरज और सर्वेश बहुत ही मिलनसार थे और पढ़ाई में भी अच्छे थे। उनकी असामयिक मौत से पूरा गांव शोक में है।












Click it and Unblock the Notifications