हरियाणा: किसानों ने गृहमंत्री अनिल विज के गृहजिले अंबाला में रोकीं रेल, बच्चों को भी ट्रैक पर बिठाया
अंबाला। केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के 85वें दिन 'रेल रोको' आवाह्न किया गया। जिसके तहत आज देशभर में रेलें रोकी जा रही हैं। किसान संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा आंदोलन को तेज करने की स्ट्रैटजी के तहत आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक रेलें रोकने की बात कही जा रही है। हरियाणा में भी कई स्थानों पर एकत्रित हुए प्रदर्शनकारियों ने रेलें रोकी हैं। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के गृह जनपद अंबाला में भी रेलवे ट्रैक ब्लॉक कर दिए गए।

न्यूज एजेंसी ने वहां की तस्वीरें जारी कीं। जिनमें देखा जा सकता है किस तरह प्रदर्शनकारियों ने रेल-परिचालन बाधित किया। रेल रोको आंदोलन के मद्देनज़र प्रदर्शनकारी अपने बच्चों को भी साथ लाए थे। फोटो में दिख रहा है कि, एक नन्हा बच्चा भी रेलवे ट्रैक पर बिठा लिया था। बैठने के लिए एक पतली चद्दर बिछाई गई थी। वहीं, भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता व संयुक्त मोर्चा के नेता राकेश टिकैत ने ऐलान किया है कि, हरियाणा में किसान कानूनों के विरुद्ध पुरजोर आवाज उठाएंगे। टिकैत ने सोनीपत के गाजीपुर बाॅर्डर पर पहुंचे केरल के किसानों के जत्थे का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने देशभर के किसानों को साथ लाने की बात कही।

राकेश टिकैत बोले- "हम किसानों को एक मंच पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए देशभर में महापंचायत करेंगे। हम पश्चिम बंगाल से लेकर मोदी के गृहराज्य गुजरात तक जाएंगे। वहां भी किसान महापंचायत होगी। उसके बाद उधर से एक बड़ा आंदोलन होगा। सरकार को कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए बाध्य किया जाएगा।"













Click it and Unblock the Notifications