वैलेंटाइन डे पर गर्लफ्रेंड को शॉपिंग करवाने की वजह से सलाखों के पीछे पहुंच गया गैंगस्टर प्रेमी
अलवर। 14 फरवरी को दुनियाभर के प्रेमी जोड़ों ने वैलेंटाइन डे मनाया। एक-दूसरे से अपने प्यार का इजहार किया। वैलेंटाइन डे के चक्कर में एक शातिर गैंगस्टर पुलिस की गिरफ्त में आ गया। राजस्थान पुलिस जिस तीस हजार रुपए के शातिर इनामी बदमाश को लम्बे समय से तलाश रही थी वो शुक्रवार को दिल्ली के कनॉट पैलेस में अपनी प्रेमिका को वैलेंटाइन डे की शॉपिंग करवाता पकड़ा गया।

राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक डॉ. अमनदीप सिंह कपूर ने बताया कि विक्रांत दिल्ली के कनॉट पैलेस में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वैलेंटाइन डे की खरीदारी कर रहा था। पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार किया है। आरोपी विक्रांत ने जसराम हत्याकांड में बदमाशों को हथियार उपलब्ध कराने में मदद की थी।
इसके अलावा 19 नवंबर को गोकुलपुर स्थित डेयरी में फायरिंग की थी। वह इस घटना का मुख्य आरोपी था। इसके अलावा उस पर बिजनेसमैन को मारने की धमकी देने के भी मुकदमे दर्ज हैं। राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश आदि स्थानों पर पुलिस से बचने के लिए भागता रहा। पुलिस की स्पेशल टीम लगातार बदमाश के पीछे लगी रही। आरोपी पर हरियाणा सरकार द्वारा 10 हजार और राजस्थान पुलिस द्वारा 20 हजार का इनाम घोषित था।












Click it and Unblock the Notifications