राजस्थान में 'मौत' के दो साल बाद फिर जिंदा हुआ नीरज, अब मृत्यु प्रमाण पत्र की हो रही जांच
अलवर, 24 अगस्त। राजस्थान में एक व्यक्ति की मौत के दो साल उसके फिर से जिंदा होने का मामला सामने आया है। उसका मृत्यु प्रमाण पत्र भी बना हुआ है। अब पूरा केस पुलिस थाने में पहुंच चुका है। जिंदा व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र देखकर एक बारगी तो अलवर पुलिस भी चौंक गई।

अलवर कोतवाली थानाप्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि आरोपी मनु मार्ग निवासी नीरज शर्मा ने पुलिस लाइन मार्ग स्थित एक मैरिज गार्डन को किराए पर लिया था। वह उसका किराया नहीं दे पाया। गार्डन मालिक ने उससे किराया वसूलने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इस पर कोर्ट में नीरज का मृत्यु प्रमाण पत्र पेश हुआ। इसके बाद से नीरज को किसी ने सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा।
उधर, नीरज ने गार्डन का किराया और अन्य लोगों से उधार लिए रुपये चुकाने से बचने के लिए खुद को मृत घोषित करवा लिया और बाद अपने ही घर में ही दुबक गया। दो साल तक अंडरग्राउंड रहा। कर्जदार उसके परिजनों से तकादा करने लगे। इससे तंग आकर उसके भाई ने ही पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। इस पर सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी नीरज को पकड़ा है।
अलवर पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी नीरज साल 2020 से अपने घर पर ही रह रहा था, लेकिन वह बाहर नहीं निकलता था। आरोपी नीरज ने दो बार फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर नीरज के जिंदा रहते हुए उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र कैसे बना। ऐसे में इस मामले में कुछ और लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications