प्रयागराज: पत्नी से विवाद के बाद शख्स ने की 3 साल की बेटी की हत्या, खुद को भी मारा चाकू
प्रयागराज। प्रयागराज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी से मामूली विवाद के बाद एक शख्स ने पहले अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी को चाकू से मार दिया फिर खुद को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजा, जहां पर बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र प्रसाद मूल रूप से सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज इलाके का रहने वाला है, जो मौजूदा समय में प्रयागराज के खुल्दाबाद थानान्तर्गत जगमल हाता के पास किराए के मकान में रह रहा था। मंगलवार की सुबह पत्नी से मामूली विवाद हुआ, जिसके बाद उसने खौफनाक कदम उठाकर बच्ची की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। साथ ही खुद को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर लिया।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों के जरिए पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची खुलताबाद पुलिस ने दोनों को स्वरूप रानी अस्पताल भेजा, जहां पर डॉक्टरों ने 3 वर्षीय मासूम को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिता राजेंद्र प्रसाद को इलाज के लिए भर्ती कर लिया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच पड़ताल में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications