'सोचा नहीं था कभी अपना भी घर होगा...', अतीक अहमद के अवैध कब्जे पर मिला फ्लैट तो छलकी खुशी
Flats to poor in prayagraj uttar pradesh: यूपी की राजनीति में शुक्रवार को एक नई शुरुआत हुई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर बने प्लैट्स की चाबी गरीब लाभार्थियों को सौंपी।
आपको बता दें कि प्रयागराज में अतीक अहमद के अवैध कब्जे से जो जमीन मुक्त कराई गई थी, उसपर यूपी सरकार ने 76 फ्लैट बनाए हैं और इन फ्लैटों को गरीब परिवारों को सौंपने का फैसला लिया।

शुक्रवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन फ्लैट्स की चाबी लाभार्थियों को सौंप दी। इस दौरान किराए के घर में रहने वाली एक महिला ने अपने उस अनुभव को भी मीडिया के साथ शेयर किया, जो उसे अपना खुद का घर मिलने के बाद महसूस हुआ।
'अब अपनी छत के नीचे हैं'
इस महिला ने कहा, 'हम कल्पना भी नहीं कर सकते थे कि हमारा खुद का घर होगा। आज बहुत अच्छा लग रहा है। आप खुद जानते हैं कि आजकल कितनी महंगाई है। हमने तो कभी सोचा ही नहीं था कि जीते-जी हमारे पास अपना घर भी होगा। अब अपनी छत के नीचे हैं। अब कोई नहीं कहेगा कि हटो यहां से, यहां पानी की दिक्कत है।'
महिला ने आगे बताया, 'हम तो किराए के मकान में रहते थे। अब तक भी वहीं किराए के घर में ही रहते हैं। अब वहां से निकलेंगे और अपने इस घर में आकर रहेंगे। मेरी मकान मालकिन ने कहा था कि इस घर को आप छोड़ोगी तो अपने ही घर में जाओगी और देखिए आज कितनी खुशी हो रही है।'
एक फ्लैट के अंदर क्या क्या है?
गरीब लाभार्थियों को फ्लैट्स की चाबी सौंपने से पहले सीएम योगी ने इन फ्लैट्स में जाकर जायजा भी लिया। 1 बीएचके वाले इन फ्लैट्स में एक बेडरूम के अलावा एक लिविंग रूम, एक किचन, एक टॉयलेट, एक बाथरूम, एक बालकनी, बिजली कनेक्शन, पानी और पार्किंग की सुविधा है। गौरतलब है कि इससे पहले 9 जून को भी सीएम योगी ने अतीक अहमद के कब्जे से छुड़ाई गई जमीन पर बने कुल 76 फ्लैट्स को लॉटरी सिस्टम के जरिए गरीब लाभार्थियों को दिया था।












Click it and Unblock the Notifications