UP में कोरोना का कहर: दो कैबिनेट मंत्रियों के बाद क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर की मौत
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में कोरोना का संक्रमण विक्रराल रूप ले चुका है। प्रदेश में दो कैबिनेट मंत्रियों चेतन चौहान और कमल रानी वरुण सहित कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा अब ढाई हजार के पास पहुंच गया है। उधर, संगमनगरी प्रयागराज में क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर की कोरोना से मौत हो गई। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अजय सिंह प्रतापगढ़ में तैनात थे। प्रयागराज के एसआरएन में वह कोरोना से जंग हार गए। वह चंदौली के रहने वाले 2001 बैच के सब इंस्पेक्टर थे। प्रयागराज में ही उनकी ट्रेनिंग हुई। लंबे समय तक वह प्रयागराज एसओजी टीम प्रभारी रहे। कुछ सालों तक उन्होंने प्रयागराज एसटीएफ में भी सेवा दी थी।

प्रयागराज में कोरोना के 142 नए संक्रमित मरीज मिले
प्रयागराज में कोरोना के 142 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। सभी संक्रमितों को इलाज के लिए कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। प्रयागराज के सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेई ने बताया कि 92 लोगों को छुट्टी दी गई है, जबकि 68 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ है और होम आइसोलेशन में अब तक 1135 लोग जा चुके हैं। जिले में अब तक कुल 5451 लोग कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं, इसमें से 2445 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। इससे रिकवरी रेट बढ़कर 66 फीसदी पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि अब कुल 1717 एक्टिव केस है और 94 लोगो की मौत हो चुकी है।

आगरा और मेरठ का हाल
आगरा में रविवार को कोरोना के 28 नए मामले आए हैं, जिसके बाद आगरा में कोरोना संक्रमित की संख्या 2318 पहुंच गई है। सोमवार को एक संक्रमित मरीज की मौत हो जाने के बाद कोरोना पॉजिटिव 103 की मौत हो चुकी है। रविवार को 43 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो गए। इसके बाद ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1892 हो चुकी है और एक्टिव मरीज की संख्या 323 हो गयी है। मेरठ जिले की बात करें तो यहां रविवार को कोरोना से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, 54 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इन मरीजों के संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों के विषय में जानकारी जुटा रहे हैं।

अस्थाई जेल में बंद पांच बंदी भी कोरोना पॉजिटिव
मेरठ के सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि रविवार को 1937 सैंपल की जांच की गई। जिनमें 35 पुरुष और 19 महिलाओं सहित कुल 54 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीजों में एक आशा कार्यकत्री सहित अलग-अलग अस्पतालों में तैनात दो पुरुष स्वास्थ्य कर्मचारी और अस्थाई जेल में बंद पांच बंदी भी शामिल हैं। इसी के साथ आईजी ऑफिस में तैनात एक पुलिसकर्मी सहित जिले के दो पुलिसकर्मी, तीन वकील, एक बैंक कर्मचारी, कई व्यापारी, मजदूर, छात्र और गृहणियां भी संक्रमित मिली हैं। इसी के साथ रविवार को माधवपुरम निवासी 53 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications