VIDEO: यूपी में दरोगा ने पैर पकड़कर युवक को सड़क पर घसीटा, चेहरे पर मारी लात
uttar pradesh crime news in hindi, अलीगढ़। उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के एक दरोगा (सब इंस्पेक्टर) की अमानवीय करतूत का वीडियो वायरल हो रहा है। एक हादसे के बाद यहां दरोगा ने एक युवक को सड़क से हटाने के लिए उसके पैर पकड़कर घसीटा। वह नहीं उठा तो दरोगा ने उसके सिर पर लात मारीं। दरोगा के साथ ही एक कांस्टेबल भी था, दोनों ने उस युवक को बस के नीचे से घसीटकर भगाने की कोशिश की थी। युवक के साथ किए गए ऐसे दुर्व्यवहार का वीडियो सामने आया, जो कि सोशल मीडिया पर वायरल रहा है।

युवक को लात मारकर हटाया
संवाददाता के मुताबिक, घटना अलीगढ़ के अकराबाद थाना इलाके के नानऊ पुल के पास की है। यहां रोडवेज़ बस व कार के बीच टक्कर हुई थी। जिसके बाद कार चला रहा युवक विरोध में बस के सामने लेट गया। वह जाम लगाने की कोशिश कर रहा था। उसकी वजह से रोड पर वाहन थम गए। सूचना पर पहुंचे 'डायल-100' के सिपाहियों ने उसे वहां से हटाने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान उन्होंने जो किया, वह अमानवीय था। सब इंस्पेक्टर ने उस युवक को लात मारकर वहां से हटाया। उसका पैर पकड़कर भी खींचा।

पुलिस अधीक्षक करा रहे जांच
इस घटना का वीडियो सामने आने पर अलीगढ़ के पुलिस अधीक्षक (SSP) आकाश कुलहरि ने कहा है कि वो मामले की जांच करा रहे हैं। बहरहाल, यह साफ है कि उक्त युवक के साथ दुर्व्यवहार हुआ है। एसपी ग्रामीण जांच रिपोर्ट आने के पश्चात ही कोई निर्णय ले पाएंगे।

नशे में धुत पुलिसकर्मी ने लोगों पर तान दी रायफल
उधर, यूपी के हापुड़ में भी एक सिपाही का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है। यहां नशे में धुत सिपाही ने पहले तो लोगों को गालियां दी, फिर उनपर रायफल तान कर उसे लोड कर दिया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। यह मामला कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लज्जापुरी का है, जहां सिपाही ने शराब के नशे में धुत अपना आपा खो दिया और लोगों को गंदी गालियां देने लगा। जब लोगों ने इसका विरोध किया तो नशे में धुत कॉन्स्टेबल ने लोगों पर राइफल तान दी। इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शराबी कॉन्स्टेबल की जमकर धुनाई कर पुलिस को इसकी सूचना दी।
लोकसभा चुनाव 2019 से जुड़ी सभी जानकारी यहां पढ़ें












Click it and Unblock the Notifications