पाक उच्चायुक्त ने सपरिवार चूमी ख्वाजा की चौखट, भारत-पाक के अच्छे संबंधों की मांगी दुआ
Ajmer News, अजमेर। पाकिस्तान के उच्चायुक्त एच आई सोहेल महमूद विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा साहब की दरगाह में हाजिरी देने अजमेर पहुंचे। उनके साथ पत्नी और बेटियां भी मौजूद थीं। सभी ने ख्वाजा गरीब नवाज की पवित्र मजार पर मखमली चादर और अकीदत के फूल पेश करके दोनों मुल्कों में अच्छे संबंधों की दुआ मांगी।

महमूद के दरगाह जियारत के दौरान दरगाह में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। ज़ियारत के बाद अंजुमन सैयद जादगान के सदर सैय्यद मोइन हुसैन व पदाधिकारियों ने उनकी दस्तारबंदी करके तबर्रुख भेंट किया।
इसी तरह दरगाह कमेटी की तरफ से नाज़िम शकील अहमद ने भी उच्चायुक्त महमूद और उनके परिवार की बुलंद दरवाज़े पर दस्तारबंदी की। उच्चायुक्त सोहेल महमूद मीडिया से भी रूबरू हुए, जिसमें उन्होंने कहा कि उनके बुजुर्गों की दरगाहों में हाजरी रिवायत रही है।
इस मौके पर पाकिस्तान और भारत के अच्छे रिश्तों की दुआ मांगी है और साथ ही दोनों मुल्कों की आवाम की तरफ से सलाम पेश कर आगामी उर्स में पाकिस्तान के अकीदतमंदों की हाजिरी ख़ुशनुमा माहौल में होने की मुराद भी मांगी है। महमूद को दरगाह में ज़ियारत सैय्यद नातिक चिश्ती और सैयद बिलाल चिश्ति ने कराई। महमूद और उनके परिवार ने ख्वाजा साहब की देग के भी दर्शन किए।












Click it and Unblock the Notifications