भांजी निकली मौसी की कातिल : लव मैरिज के लिए 4 बार बनाया मर्डर का प्लान, प्रेमी-प्रेमिका को पकड़ा
भांजी निकली मौसी की कातिल : लव मैरिज के लिए 4 बार बनाया मर्डर का प्लान, प्रेमी-प्रेमिका ने किए चौंकाने वाले खुलासे
अजमेर, 1 सितम्बर। राजस्थान के अजमेर जिले के नसीराबाद पुलिस थाना इलाके के आशपुरा की बावड़ी की 48 वर्षीय बेला जोनसन की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। उसकी कातिल नाबालिग भांजी ही निकली है, जिसे वह गोद लेकर बेटी की तरह पाल रही थी। भांजी ने अपने प्रेमी से शादी करने के लिए उसी के साथ मिलकर मौसी की गला घोंटकर व लाठियों से वारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसका शव एक बावड़ी में फेंक दिया।
नसीराबाद सदर थाना प्रभारी हेमराज सिंह ने बताया कि आाशापुरा निवासी मौसेरे भाई वैलिंगटन ने बहन बेला जोनसन की गुमशुदगी दर्ज करवाई। वह तीन दिन से लापता थी। साथ ही भांजी का भी कोई सुराग नहीं लग रहा थी। पुलिस ने बेला के घर की तलाश ली तो वहां खून के निशान मिले। फिर पुलिस जांच पड़ताल करते हुए बावड़ी की तरफ गई तो वहां बेला की लाश मिल गई।
इसके बाद भी पुलिस हत्या के नतीजे तक नहीं पहुंच पा रही थी। ऐसे में भांजी की तलाश शुरू की गई। इस मामले में पुलिस को बुधवार को सफलता हाथ लगी। पुलिस नाबालिग भांजी, उसके प्रेमी नसीराबाद काली माई रोड निवासी गौतम बैरवा ( 22 ) पुत्र प्रवीण बैरवा व प्रेमी दो अन्य नाबालिग दोस्तों को डिटेन किया। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में तो ये गुमराह करते रहे। फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया, जो बेहद चौंका देने वाला था।
पुलिस के अनुसार नाबालिग भांजी मृतका बेला जोनसन की बड़ी बहन जरीना की बेटी है, जिसे बेला ने गोद लिया था। नाबालिग की 2 साल पहले मुख्य आरोपी गौतम बैरवा (19) से दोस्ती हो गई और दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। उनकी शादी के लिए बेला तैयार थी, मगर वह चाहती थी कि भांजी 18 साल की हो जाए। भांजी और उसके प्रेमी को लगता था कि मौसी उनकी शादी नहीं होने देना चाह रही। इसलिए दोनों मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
दोनों ने पहले तीन बार मौसी को मारने का प्रयास किया, मगर सफल नहीं हो सके। भांजी ने ही दो बार उसे नींद की गोली दी, लेकिन सफल नहीं हो पाई। तीसरी बार गौतम ने चूहे मारने की दवा नसीराबाद से खरीद प्रेमिका को दी। सब्जी में जहर डालने का वीडियो बनाकर भांजी ने अपने प्रेमी को भी भेजा, लेकिन जब सब्जी खिलाने की बात आई तो उसकी हिम्मत नहीं हो पाई। ऐसे में चौथी बार प्लान बनाया गया।

चौथे प्लान के तहत रविवार रात गौतम अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ रात नौ बजे बेला के घर पहुंचा। एक घंटे इधर-उधर की बातें करने के बाद पहले बेला की गला घोंटकर मारने का प्रयास किया, किंतु सफल नहीं हो पाया। इसके बाद भारी डंडे से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। हत्या के बाद लाश को घर के पास बनी बावड़ी में डाल दिया और फिर चारों फरार हो गए।












Click it and Unblock the Notifications