गुजरात की सबसे बड़ी जेल में भी पहुंच गया कोरोना वायरस, संक्रमित हुए 2 कैदी इलाज को भेजे
अहमदाबाद। गुजरात के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद में कोरोना वायरस से कोहराम मचा हुआ है। इस एक शहर में ही 2 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज मिल चुके हैं। वायरस के संक्रमण का प्रसार इतनी तेजी से हो रहा है कि, 8 मिनट पर 1 नया मामला सामने आ रहा है। अब तो वायरस यहां की सबसे बड़ी जेल तक भी पहुंच गया है। जी हां, साबरमती सेंट्रल जेल में 2 सजायाप्ता कैदी कोरोना की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद से यहां हड़कंप मच गया है।

इरजरायल खान और नवाब खान संक्रमित मिले
जेल प्रशासन अब अन्य मरीजों की जांचें करा रहा है। साथ ही कैदियों अन्य सुरक्षित कक्षों में शिफ्ट किया जाने लगा है। एक अधिकारी ने बताया कि, जो दो कैदी संक्रमित मिले हैं, उन्हें अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पहचान इरजरायल खान और नवाब खान के रूप में हुई। दोनों जेल में बंद थे, फिर कैसे संक्रमित हुए यह जांच भी की जा रही है। दोनों कैदियों को सिविल अस्पताल के कोविड-19 अस्पताल में ले जाया गया है। चौंकाने वाली बात यह भी है कि, उन कैदियों को अस्पताल ले गए पुलिसकर्मी भी क्वारंटाइन में चले गए हैं।

इस शहर में 31 मई तक 8 लाख मरीज हो सकते हैं
शहर के म्युनिसिपल कमिश्नर ने बीते दिनों चौंकाने वाला खुलासा किया। कमिश्नर ने कहा- अहमदाबाद में हर 4 दिन में कोरोना वायरस के मामले दोगुने होते जा रहे हैं। यदि ऐसे ही चलता रहा तो मई महीने के अंत तक मरीजों की संख्या 8 लाख तक पहुंच जाएगी। उन्होंने बड़ी आफत की आशंका जताते हुए कहा, ''हमें ऐसा लग रहा है कि 15 मई तक ही अहमदाबाद में कोरोना के 50000 केस सामने आ जाएंगे। उसके बाद 31 मई तक इन केसों की संख्या 8 लाख तक पहुंच जाएगी।'
ज्ञातव्य है कि, अहमदाबाद के कई इलाकों में पूरी तरह कर्फ्यू लगा हुआ है, इसके बावजूद यहां संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां अब तक 1600 से ज्यादा लोगों का अस्पतालों में उपचार चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications