बिना आदेश के अहमदाबाद पुलिस ने महेश शाह को पहनाई पुलिस की वर्दी, विवाद
महेश शाह वही शख्स है जिसने दावा किया कि जिस 13,860 करोड़ रुपए की उसने IDS स्कीम के तहत घोषणा की है वो उसके नहीं है। उसके इसी दावे के बाद से उसकी सुरक्षा सख्त कर दी गई।
अहमदाबाद। इनकम डिक्लेरेशन स्कीम (IDS) के तहत 13,860 करोड़ की अघोषित आय का खुलासा करने वाले महेश शाह को गुजरात की अहमदाबाद पुलिस ने वर्दी पहना दी।
इसके पीछे महेश की सुरक्षा का कारण बताया गया। दरअसल, अहमदाबाद पुलिस रविवार (4 दिसंबर) को महेश को एक जगह से दूसरी जगह ले जाते वक्त सुरक्षा मुहैया करा रही थी।
इस दौरान व्यवसायी महेश को पुलिस ने वर्दी पहना दी। इसके बाद विवाद शुरू हो गया। इस घटना पर पुलिस कमिश्नर ए के सिंह ने स्थानीय पुलिस से जानकारी मांगी है।

पहन रखी थी वर्दी
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार सू्त्रों का दावा है कि बेटी के घर से महेश के फ्लैट तक उसकी सुरक्षा में लगी पीसीआर वैन में मौजूद शाह ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी।
सैटेलाइट क्षेत्र के इंस्पेक्टर एम.यू. मासी ने बिना वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत किए महेश को यूनिफार्म पहना दिया। मासी ने कहा कि महेश को पुलिस यूनिफार्म पहनाने की वजह थी उसकी सुरक्षा।
मासी ने कहा कि जब वो पुलिस की गाड़ी में था तो उसने सिर्फ एक जैकेट पहन रखी थी जिस पर पुलिस लिखा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महेश की ओर से किए गए सनसनीखेज दावे की वजह से उसे इतनी कड़ी सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है।
ये है मामला
बता दें कि इसी वर्ष 30 सितंबर को 13,860 करोड़ रुपए को बतौर अघोषित आय का खुलासा करने वाले गुजरात के कारोबारी महेश शाह को शनिवार (3 दिसंबर) को हिरासत में ले लिया था।
इससे पहले महेश शाह ने गुजरात के स्थानीय मीडिया को जानकारी देते हुए कहा था कि जिस कालेधन की उसने घोषणा की थी वो धन उसका था ही नहीं।
महेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि यह वो आयकर विभाग को बताएगा कि यह रुपया उसके पास कैसे आया और यह रुपया किसका है।












Click it and Unblock the Notifications