जिस इमारत में सरदार भगत सिंह ने बनाए थे बम, उसमें 4 बेरोजगारों ने खोला मोदी पकौड़ा भंडार
आगरा। महान क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह ने देश को गुलामी से आजाद कराने के लिए जिस इमारत में किराए पर रहकर बम बनाए थे, वहां अब 4 बेरोजगार लोगों ने 'मोदी पकौड़ा भंडार' शुरू किया है। इन लोगों का कहना है कि हम कई माह से बेरोजगार थे और हमने प्रधानमंत्री के भाषण को सिर-आंखों पर लेते हुए पकौड़े की दुकान खोल ली है। दुकान अच्छी चल रही है और अब संतुष्ट भी हैं। ग्राहकों की भीड़ जब उनकी दुकान पर आती हैं तो इन लोगों की बात सच लगती है।

आगरा में है यह हवेली
यह 'मोदी पकौड़ा भंडार' आगरा में नूरी दरवाजा स्थित हवेली से संचालित किया जा रहा है। यहीं, कभी भगत सिंह ने लाला छन्नो मल को एडवांस रुपये देकर पांच रुपये महीने की दर पर कमरा किराए पर लिया था। यहां ब्रिटिश संसद में फेंका जाने वाला बम बनाया गया।

भगतसिंह ने बी. ए. में दाखिला भी लिया था
इतिहास के पन्नो में यह बात दर्ज है कि सांडर्स की हत्या के बाद अल्प प्रवास के लिए क्रांतिकारी भगत सिंह जब आगरा आये थे, तो उन्होंने लाला छन्नोमल से इस हवेली में कमरा किराए पर लिया था। खुद को छात्र बताते हुए उन्होंने आगरा कालेज में बी. ए. में दाखिला भी लिया था।

लोग कर रहे हैं तारीफ
आज आजादी के इतने दिन बाद यह मकान एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अन्नू, गोपाल और उनके साथी इस मकान में अपनी दुकान चला रहे हैं, जिसकी आस-पास के लोग भी खूब तारीफ कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications