UP: बूढ़ी सास को हुआ बेटा, विधवा बहू ने किया हंगामा, बोली- 58 की उम्र में कैसे पैदा हुआ बेटा?
UP के आगरा जनपद से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। आगरा में 58 वर्षीय सास ने एक बेटे को जन्म दिया तो उसकी विधवा बहू उसके साथ झगड़ा करने लगी। बहू ने सवाल किया कि इस उम्र में बेटा पैदा कैसे हुआ।

UP के आगरा जिले में एक 58 वर्षीय महिला ने बेटे को जन्म दिया तो उसकी विधवा बहू ने हंगामा करना शुरू कर दिया। बहू का आरोप है कि इतनी उम्र होने के बाद कोई महिला कैसे बेटे को जन्म दे सकती है। उसने आरोप लगाया कि संपत्ति का वारिस होने के लिए उसने ऐसा किया है।
यह मामला रविवार को जब परिवार परामर्श केंद्र में पहुंचा तो वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। बहू का कहना है कि उसके पति की मौत हो जाने के बाद वह संपत्ति में अपने पति का हिस्सा मांग रही है। सास और ससुर उसे उसका हिस्सा नहीं देना चाहते हैं, जिसके चलते उन लोगों ने बेटा पैदा किया है।
काउंसलिंग टीम द्वारा सास-ससुर और विधवा बहू को काफी देर तक समझाया गया लेकिन इस मामले का कोई हल नहीं निकल पाया। रविवार को मामले का हल ना निकल पाने के बाद परामर्श केंद्र द्वारा उन्हें अगली तिथि पर बुलाया गया है। वहीं इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही है।
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो आगरा जनपद के कमला नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले एक युवक की शादी 4 साल पहले सैंया गांव निवासी एक युवती से हुई थी। बहू ने बताया कि शादी के 2 साल बाद हार्ट अटैक से उसके पति की मौत हो गई।
पति की मौत के बाद वह अपने सास-ससुर से अपने पति की संपत्ति मांगी जिस पर सास-ससुर द्वारा इंकार कर दिया गया। उसने बताया कि उसके बाद वह अपने मायके चली आई और वर्तमान समय में वह सैंया में स्थित अपने मायके में ही रह रही है।
बहू का आरोप है कि उसके पति अपने माता पिता के एकलौती संतान थे, ऐसे में उनकी संपत्ति का विधवा बहू के अलावा कोई वारिस नहीं था। वारिस के लिए ही उसकी 58 वर्षीय सास ने बेटे को जन्म दिया। ऐसे में बहू का सवाल है कि 58 साल की उम्र में कोई महिला बेटे को कैसे जन्म दे सकती है।
वहीं काउंसलिंग के दौरान सास-ससुर से पूछताछ की गई तो उन लोगों ने कहा कि उनका कहना है कि उनकी बहू उनके साथ ही रहे लेकिन वह अपने मायके में रहती है। ससुराल में रहने के लिए बहू तैयार नहीं है, ऐसे में उसे कैसे संपत्ति दी जा सकती है।
जिसपर बहू ने जवाब दिया कि उसके ससुराल में मकान नहीं है ऐसे में वह कैसे वहां रह सकती है। फिलहाल रविवार को काउंसलिंग के दौरान विधवा बहू और सास ससुर के मामले का निस्तारण नहीं हो सका। ऐसे में टीम द्वारा दोनों पक्षों को अगली तिथि पर बुलाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications