राज बब्बर पर बरसे बाहुबली गुड्डू पंडित, कहा- 'जो हाथ को उठाएगा उसका हाथ काट दिया जाएगा'
Agra news, आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अचानक बाहुबली विधायक गुड्डू पंडित को टिकट दे दिया है। इस सीट पर कांग्रेस ने राज बब्बर को चुनावी मैदान में उतारा है। फतेहपुर सीकरी से बसपा-सपा गठबंधन प्रत्याशी श्री भगवान उर्फ गुड्डू पंडित ने अपना प्रचार जोर शोर से शुरू कर दिया है। शुक्रवार को बाह क्षेत्र में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे गुड्डू पंडित ने विरोधियों पर हमला करते हुए कहा, 'जो हाथ को उठाएगा उसका हाथ काट दिया जाएगा'। गुड्डू पंडित कभी अपने भाषणों के द्वारा शेर सुनाकर तो कभी गीत के बोल गाकर जहां विरोधी पार्टीयों पर हमला बोला तो वहीं अपनी दबंगई रूप दिखाते हुए भी नजर आए।

राज बब्बर पर किया हमला
फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर को नचनिया कहते हुए लोगों से कहा कि भरोसा रखो, ये जो नचनिया आया है न, वो बॉम्बे में शूटिंग करेगा यहां मैं शूटिंग करूंगा। उन्होंने कहा कि जो हाथ को उठाएगा उसका हाथ काट दिया जायेगा। जनता की समस्याओं की आवाज बुलंद करने वाला यह प्रत्याशी खुलेआम इस तरह की धमकी दे रहा है।

भाजपा पर साधा निशाना
इसके साथ ही गुड्डू पंडित ने भाजपा पर भी एक गीत के द्वारा जमकर निशाना साधा गया। मुहम्मद रफ़ी का गाना 'ये दुनिया नहीं जागीर किसी की, कुछ तो आकर चले गए, कुछ जाने को तैयार' गीत को गाते हुए कहा कि इन चोरों ने इस गाने को भी चुरा लिया है।

2014 चुनाव में बीजेपी ने जीती थी सीट
बता दें कि 2014 के चुनाव में बीजेपी ने यहां से एक तरफा जीत दर्ज की थी और चौधरी बाबूलाल चुनाव जीत कर आए थे। फिलहाल यहां से सांसद बाबूलाल का टिकट काट दिया गया है राजकुमार चाहर को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस से राज बब्बर चुनाव मैदान में हैं जो पहले भी 2009 में यहां से चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं महागठबंधन में बीएसपी से यहां पहले राजवीर सिंह को टिकट दिया गया था, जिसे कुछ दिन बाद काट दिया गया और फिर ये टिकट डिबाई के रहने वाले दबंग गुड्डू पंडित को दे दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications