Agra Encounter: बालाजी ज्वेलर्स लूटकांड का बदमाश ढेर, सिकंदरा थाने की पुलिस ने 500 CCTV खंगालकर दबोचा
Agra Encounter News: आगरा में चार दिन पहले हुए ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया है। मंगलवार सुबह हुई इस कार्रवाई में बदमाश की मौत हो गई, जबकि उसके एक अन्य साथी की गिरफ्तारी की खबर है। पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र की है, जहां अंसल एपीआई के पास पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हुआ। पुलिस टीमों ने बदमाशों को घेर लिया था, जिसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में मारा गया आरोपी बिचपुरी के मघटई गांव का रहने वाला अमन था। अमन को श्री बालाजी ज्वेलर्स लूट और सराफा कारोबारी की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से चढ़ा पुलिस के हत्थे
दरअसल, बीते दो मई को सिकंदरा में बाइक सवार दो बदमाशों ने ज्वेलर्स शोरूम में धावा बोला था। 22 लाख रुपये से ज्यादा के गहने लूटे गए थे और कारोबारी योगेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद व्यापारी आक्रोशित हो गए थे।
पुलिस पर खुलासे का दबाव बढ़ा तो जांच टीमें एक्टिव हुईं। 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और बिचपुरी इलाके तक बदमाशों का सुराग मिला। फुटेज में तीसरे आरोपी का चेहरा भी पुलिस को साफ नजर आ गया था। इसके बाद मुखबिरों के जरिए पूरी जानकारी जुटाई गई।
भागने की फिराक में थे बदमाश
सूत्रों की मानें तो पुलिस को जैसे ही अमन की लोकेशन मिली, टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। अंसल एपीआई के पास घेराबंदी की गई और इसी दौरान मुठभेड़ हुई। अमन ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी गोलियों में वह मारा गया।
पुलिस ने बताया कि बदमाशों के तीन अन्य साथियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मुख्य आरोपी के मारे जाने को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है।
समाजवादी पार्टी ने उठाए सवाल
इस एनकाउंटर के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार पर फर्जी मुठभेड़ करवाने का आरोप लगाया है।
सपा का कहना है कि सरकार अपराध रोकने में फेल है और जब नाकामी छिपानी होती है तो एनकाउंटर कराती है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि मारे गए बदमाश को यादव जाति का बताकर सपा को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने समाजवादी पार्टी के आरोपों को सिरे से नकारा है। उनका कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह से नियमों के तहत की गई है और जांच निष्पक्ष रूप से जारी है।












Click it and Unblock the Notifications