आगरा सेंट्रल जेल में 10 कैदी मिले कोरोना संक्रमित, मृत कैदी के संपर्क में आए थे सभी
आगरा। कोरोना वायरस के संक्रमण से जूझ रहे आगरा जिले की सेंट्रल जेल नया हॉटस्पॉट बनकर सामने आया है। सेंट्रल जेल के 10 कैदी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए है। कैदियों की रिपोर्ट आने के बाद से यहां हड़कंप मचा हुआ है। मंगलवार को 12 कैदियों की दूसरी जांच रिपोर्ट में 10 पॉजिटिव पाए गए, जिसके बाद 100 कैदियों को क्वारंटाइन कराया गया है। इस बीच जेल प्रशासन ने डीजी जेल को पत्र लिखकर कोरोना पॉजिटिव की अलग व्यवस्था कराने की मांग की है।

9 मई को सजायाफ्ता की संक्रमण से हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, 3 मई को एक कैदी की हालत खराब थी। जिसके बाद कैदी को कोरोना टेस्ट के लिए सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां 4 मई को इस कैदी कोरोना टेस्ट हुआ। 6 मई को इस कैदी की रिपोर्ट आई, लेकिन 9 मई को कैदी की मौत हो गयी। कैदी की मौत के बाद से ही पूरी सेंट्रल जेल में खलबली मच गई। इसके बाद कैदी के संपर्क में आने वाले 14 बंदियों और 13 जेल सुरक्षाकर्मियों को क्वारंटाइन कर उनके सैंपल टेस्ट किए गए। कोरोना टेस्ट के बाद 10 कैदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। फिलहाल तीन जेल स्टाफ की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
14 बंदियों को किया गया था क्वारंटाइन
गौरतलब है कि झांसी निवासी मृत बंदी के संपर्क के 14 बंदियों को सात मई को ही विशेष बैरक में क्वारंटाइन कर दिया गया था। जेल स्टाफ के 16 लोग भी होम क्वारंटाइन कर दिए हैं। झांसी का बंदी जिस बैरक में था, उसके सर्किल के सौ बंदियों को मंगलवार को क्वारंटाइन किया गया। इन सभी को जम्मू-कश्मीर के बंदियों वाली विशेष बैरक में रखा गया, जबकि यहां निरुद्ध जम्मू-कश्मीर के बंदियों को हाई सिक्योरिटी सेल में शिफ्ट कर दिया गया है। वरिष्ठ अधीक्षक वीके सिंह ने बताया बंदियों को एहतियातन क्वारंटाइन किया गया है। इन पर नजर रखी जा रही है।
आगरा में 777 हुई संख्या
मंगलवार को 12 नए केस सामने आने के बाद आगरा में संक्रमितों की संख्या 777 हो गई है। जबकि जिले में संक्रमण से अब तक 25 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, प्रदेश में हापुड़ और मेरठ जिले में कोविड-19 संक्रमित दो और लोगों की मौत हो गई। हालांकि प्रदेश में सबसे ज्यादा 24 मौतें आगरा में हुई हैं। उसके बाद मेरठ में 14, मुरादाबाद में सात, कानपुर नगर में छह, फिरोजाबाद और मथुरा में चार-चार, अलीगढ़ में तीन, गाजियाबाद, झांसी और गौतम बुद्ध नगर में दो-दो तथा हापुड़, ललितपुर, प्रयागराज, एटा, मैनपुरी, बिजनौर, कानपुर देहात, अमरोहा, बरेली, बस्ती, बुलंदशहर, लखनऊ, वाराणसी और श्रावस्ती में एक-एक शख्स की मृत्यु हुई है।












Click it and Unblock the Notifications