'मनो मंत्र' से मुग्ध हुए कांग्रेस नेता, साधु यादव ने की मोदी से मुलाकात
अहमदाबाद। लोकसभा चुनाव की सुगबुगाहट शुरु होते ही सियासी फेरबदल भी शुरु होते दिख रहे है। लोकसभा चुनावों को लेकर देश में राजनीतिक सरगर्मी तेज़ हो गई है। इसी सियासी आग को और हवा दे दी है आरजेडी सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव के साले और कांग्रेस नेता साधु यादव ने।
कांग्रेस नेता साधु यादव ने गुजरात में बीजेपी चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। 45 मिनट तक चली इस मुलाकात को भले ही साधु यादव शिष्टाचार मुलाकात का नाम दे रहे हो, लेकिन सच्चाई ये है कि कांग्रेस नेता की मोदी से मुलाकात ने नयी सियासी फेरबदल को हवा दे दी है।

साधु यादव राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के साले हैं, ऐसे में उनकी मोदी से मुलाकात खास हो जाती है। गुजरात जाकर मोदी से मिलने वालों में बिहार के चर्चित नेता साधु यादव के अलावा कांग्रेस के एक अन्य नेता दसई चौधरी भी शामिल थे। गांधी नगर में साधु यादव और दसई चौधरी ने मोदी से मुलाकात की।
शिष्टाचार मुलाकात के नाम पर दोनों नेताओं के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। दोनों के बीच क्या बातचीत हुई इसकी जानकारी तो नहीं मिल पाई, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले उनकी इस मुलाकात ने नयी राजनीतिक सांठगांठ की ओर इशारा कर दिया है। ये मुलाकात इस मायने में भी अहम है कि बिहार में कांग्रेस की हालत पहले से ही पतली है, ऐसे में उनकी पार्टी के दो नेताओं का मोदी से मिलना उनके लिए ठीक नहीं है। बिहार में जेडीयू से रिश्ता खत्म होने के बाद मोदी और साधु की ये मुलाकात खास हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications