तस्वीरों में देखें: बारिश से बेहाल हुआ नोएडा और शरारती हुई दिल्ली
नोएडा। ऑटो...ऑटो... नोएडा सेक्टर 62 चलोगे, जी साहब 62 में कहां, अरे आईटी पार्क। जी साहब चलूंगा। कितने पैसे लोग.. साहब 150 रुपये। अरे ये क्या है रोज तो 50 रुपये लगते हैं आज 150 क्यों? साहब 2 घंटे से बारिश हो रही है पूरा सड़क तालाब में तब्दील हो चुका है जाना मुश्किल है। बीच में ऑटो बंद भी हो सकती है। जी हां ये हाल है राजधानी नई दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा का जो बुधवार की सुबह से हो रही बारिश के चलते नदी में तब्दील हो चुका है।
खैर ये तो सरकार और नगर निगम की खामी है मगर बात मौसम की करें तो मंगलवार की देर रात और बुधवार की सुबह से हो रही बारिश ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों का मौसम सुहाना कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटो के दौरान रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ और अन्य जिलों जैसे कानपुर, नोएडा और गाजियाबाद में बारिश होने का अनुमान है।
बारिश के बाद राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तामपान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की उम्मीद है। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं वाराणसी का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 21 डिग्री, कानपुर का 21.1 डिग्री और आगरा का 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नोएडा की सड़के तालाब में तब्दील
बुधवार की सुबह 2 घंटे से ज्यादा तक हुई घनघोर बारिश से शहर की कई सड़कें जलाशय में तब्दील हो गईं। खासतौर पर नोएडा प्रवेश द्वारं सेक्टर-14ए से लेकर एक्सप्रेस-वे के बीच बने फ्लाईओवर के आसपास ज्यादा जल भराव की समस्या आई। यहां ज्यादा पानी जमा होने से वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। कुछ गाड़ियां ज्यादा पानी की चपेट में आकर बंद भी हो गईं। इस वजह से ट्रैफिक जाम भी लग गया।

लखनऊ में रिमझिम बरसे बादल
बात अगर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की करें तो यहां भी मंगलवार की देर रात और बुधवार की सुबह से हल्की-हल्की बारिश हो रही है। बारिश से लखनऊ का मौसम सुहाना हो गया है। बुधवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि मंगलवार के न्यूनतम तापमान से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस कम है।

जलमग्न हुए गाजियाबाद के कई इलाके
लगातार बारिश के चलते जिला गाजियाबाद के कुछ आवासिय कॉलोनी जलमग्न हो गये हैं। आलम ये है कि घर से बाहर निकलना मुश्किल है क्योंकि बारिश के साथ ही साथ नाले का पानी सड़कों पर आ गया है। सॉफ्टवेयर कंपनी एचसीएल में वरिष्ठ अधिकारी के पद पर कार्यरत अभिनाष श्रीवास्तव ने ये फोटो भेजी है और उनका कहना है कि हल्की की बारिश हो जाये फिर गाजियाबाद की सड़के जलमग्न हो जाती है। उपर से नाले के पानी के चलते संक्रमण का खतरा मंडराता रहता है।

बारिश में स्कूली बच्चों ने की मस्ती
बुधवार की सुबह से लगातार हो रही बारिश के बाद स्कूलों में जब छुट्टी हुए तो बच्चों को तो मानों मौज आ गई हो। स्कूल से निकलते ही बच्चे सड़क पर एकत्र पानी में मस्ती करते देखे गये।

दिल्ली में बारिश का मजा लेते प्रेमी जोड़े
जब दिल जवां हो और साथ में प्यार तो बारिश का मौसम कौन बेकार जाने देगा। ऐसा ही कुछ नजारा दिल्ली के सड़कों पर देखने को मिला। भारी बारिश के चलते जहां हर कोई शेड के नीचे खड़ा था वहीं एक प्रेमी जोड़ा बारिश में ही निकल पड़ा।

बारिश में भी काम पर जाना जरूरी
जिस फोटो को आप देख रहे हैं वो दिल्ली की है। भारी बारिश के बावजूद काम कितना आवश्यक है इसे देख कर साफ हो जाता है। कंधे पर बैग लिये और बारिश में साइकिल का पैडल मारते हुए ये महाशय काम पर निकल गये।

दिल्ली में बरसे इंद्र देवता, मौसम सुहाना
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह आसमान बादलों से घिरा रहा और हल्की बारिश हुई। इसके पहले मंगलवार को भी पूरे दिन बारिश हुई थी जिससे कुछ हिस्से एवं इसके नजदीकी इलाके में जनजीवन प्रभावित हुआ था। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में हल्की बारिश होने के आसार जताए हैं।

बारिश का आनंद लेते युवा
बारिश के चलते दिल्ली के कुछ इलाकों में खूब जलभराव हो गया। इस जलभराव का आनंद लेने के लिये कुछ युवक घर से बाहर निकल गये और बारिश का मजा लिया।

पानी में पेट की आग बुझाने निकला फल विक्रेता
कुछ लोगों के लिये बारिश मजा लेकर आता है तो कुछ लोगों के लिये सजा। मजा उनके लिये जिनके पास खूब पैसा है मगर सजा उनके लिये जिन्हें रोज खाने के लिये रोज कमाना पड़ता है। और किया भी क्या जा सकता है पेट की आग बारिश के पानी से नहीं बूझती। ऐसे में दिल्ली में भारी बारिश के बीच ठेले पर फल बेचने निकल पड़ा एक फल विक्रेता।












Click it and Unblock the Notifications