यूपी: पूर्व सपा विधायक सहित 3 लोगों की हत्या, समर्थकों ने थाना फूंका

जिले के जियनपुर इलाके में पूर्व विधायक सर्वेश सिंह की उनके घर के पास दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी में सर्वेश के दो सुरक्षाकर्मी की भी मौत हो गई। सर्वेश समाजवादी पार्टी (सपा) से विधायक रह चुके हैं।
सर्वेश की मौत की खबर फैलते ही उनके समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ ने मौके पर पहुंचे पुलिस बल पर पथराव कर दिया और पुलिस के तीन वाहनों में आग लगा दी। घटना में 25 लोगों के घायल होने की सूचना है। आक्रोशित लोगों और पुलिस के बीच गोलीबारी की भी बात सामने आ रही है। राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) राज कुमार विश्वकर्मा ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हत्या किन लोगों ने और किस मकसद से की, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। आजमगढ़ से सटे जिलों की सीमाएं सील कर हमलावरों की गिरफ्तारी की कोशिशें की जा रही हैं। मालूम हो कि सर्वेश सिंह क्षेत्र के लोकप्रिय नेता थे। वह समाजवादी पार्टी से विधायक रह चुके हैं। 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बसपा ज्वाइन कर लिया था। इस चुनाव उन्हें सगड़ी विधानसभा सीट से हार का मुंह देखना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications