हादसा: एयरफोर्स का मिग-21 क्रैश, पायलट की मौत
जयपुर। वायुसेना का मिग-21 हादसे का शिकार हो गया। राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से तकरीबन 120 किमी की दूरी पर ये हादसा हुआ। बाड़मेर के निकट उत्तरलई में विमान की लैडिंग के वक्त मिग-21 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की वजह से इसमें मौजूद पायलट की मौत हो गई।
विमान की हादसे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। हादसे की जगह पर वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए हैं। गौरतलब है कि पिछले माह भी उत्तरलई एयरबेस के नजदीक एक मिग-21 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि हादसे की वजहों की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि अस्सी के दशक में मिग-21 लड़ाकू विमानों को खरीदने वाला भारत पहला खरीददार था। लेकिन इनके रखरखाव में आई कमी के बाद यह भारतीय पायलटों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। आंकड़ों को देखे तो 45 सालों में 476 विमान अलग-अलग दुर्घटनाओं में नष्ट हो गए हैं।
इससे पहले भी कई बार भारतीय वायुसेना के मिग-21 लड़ाकू विमान दुर्घटनाओं का शिकार होती रही है। बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए दो साल पहले सरकार ने घोषणा भी की थी कि वर्ष 2017 तक इन्हें पूरी तरह हटाकर इनकी जगह एसयू-30 एमकेआई और स्वदेश-निर्मित एलसीए जैसे अत्याधुनिक विमानों को सेना में शामिल किया जाएगा। भारतीय वायुसेना ने अपने बेड़े में 946 मिग-21 विमानों को शामिल किया है।












Click it and Unblock the Notifications