धर्मनिरपेक्षता का 'बुर्का' निर्वस्त्र साम्प्रदायिकता से बेहतर: कांग्रेस
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि धर्मनिरपेक्षता का 'बुर्का' निर्वस्त्र साम्प्रदायिकता से कहीं अधिक बेहतर है। मालूम हो कि मोदी ने रविवार को पुणे में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस की सरकार का जब भी समस्याओं से सामना होता है, वह धर्मनिरपेक्षता का 'बुर्का' ओढ़ लेती है, ताकि उनसे कोई वास्तविक मुद्दों पर सवाल न कर सके।
इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोमवार को कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने कहा कि धर्मनिरपक्षेता का 'बुर्का' निर्वस्त्र साम्प्रदायिकता से कहीं अधिक बेहतर है। साम्प्रदायिकता देश को बांटती है, जबकि धर्मनिरपेक्षता इसे एकजुट रखती है।" अजय माकन पूरी तैयारी और आंकड़ों के साथ मीडिया के सामने आए और मोदी की टिप्पणियों का जवाब दिया।

माकन ने कहा कि उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार पर सवाल उठाने से पहले मोदी अपने गिरेबान में झांकें और बताएं कि महिला शिक्षा के मामले में उनका प्रदेश 14वें नंबर पर क्यों है। 11 साल उन्होंने गुजरात में क्या किया है और वहां शिक्षकों के पद खाली क्यों हैं। माकन ने मोदी पर झूठे आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता शशि थरूर के ट्वीट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने चीन में शिक्षा के मद में होने वाले खर्च का गलत आंकड़ा बताया था। उन्होंने कहा कि शिक्षा पर एनडीए सरकार के खर्च पर भी मोदी को ठीक से रिसर्च करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने शिक्षा पर जीडीपी का 1.67 फीसदी खर्च किया गया, जबकि यूपीए 4.02 फीसदी खर्च कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications